Baaghi 4 Teaser: टाइगर श्रॉफ के फैंस का इंतजार इस दिन होगा खत्म, आ रहा है फिल्म का टीजर

Baaghi 4 teaser release date out. Photo- Instagram

मुंबई। Baaghi 4 Teaser: टाइगर श्रॉफ के फैंस उन्हें एक्शन में देखने के लिए बेचैन हैं। उनका इंतजार जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि टाइगर की आगामी फिल्म बागी 4 का टीजर आने वाला है। मेकर्स ने शनिवार को टीजर की डेट और टाइम को लेकर हिंट दिया है।

11 अगस्त को आएगा टीजर

बागी 4 के निर्माता नाडियाडवाला ग्रैंडसन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडलों से एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें टैक्स्ट लिखा आता है- 11.1.11। बैकग्राउंड में 4 लिखा है। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है- 11 के लिए तैयार हो जाइए।

इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह सूचना बागी 4 के बारे में है। बागी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म का टीजर 11 अगस्त को 1 बजकर 11 मिनट पर रिलीज किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Jolly LLB 3 Teaser Date: जज साहब ने तो अपना सिर धुन लिया… दो जॉली से मिलने के लिए क्या आप हैं तैयार, देखें Video

टीजर में बागी 4 की दुनिया की पहली झलक मिलेगी। मेकर्स की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यह फ्रेंचाइजी की सबसे हिंसक और एक्शन से भरपूर फिल्म है। कहानी और स्क्रीनप्ले निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने खुद लिखे हैं। सूत्रों के अनुसार, बागी 4 का ट्रेलर काफी हिंसक विजुअल्स के साथ आएगा।

बागी 4, 5 सितम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन ए हर्षा ने किया है, जो कन्नड़ सिनेमा के फिल्ममेकर हैं। फिल्म में संजय दत्त खलनायक के रोल में हैं। सोनम बाजवा और हरनाज संधू फीमेल लीड रोल्स में हैं।

एक्शन थ्रिलर फ्रेंचाइजी बागी की शुरुआत 2016 में हुई थी। टाइगर इसमें रॉनी नाम का किरदार निभाते हैं। दूसरी फिल्म 2018 में आई थी, जबकि तीसरी फिल्म 2020 में कोविड पैनडेमिक के कारण लॉकडाउन लगने से कुछ दिन पहले ही रिलीज हुई थी।

सोलो लीड में टाइगर की 2 साल बाद वापसी

टाइगर श्रॉफ पिछले साल अक्षय कुमार के साथ बड़े मियां छोटे मियां में एक्शन करते हुए दिखे थे। यह फिल्म फ्लॉप रही थी। इसके बाद अजय देवगन की सिंघम अगेन में भी टाइगर ने एक भूमिका निभाई थी। यह फिल्म भी फ्लॉप रही थी।

सोलो लीड रोल में टाइगर की आखिरी फिल्म 2023 में आई गणपत है। यह साइ फाइ फ्यूचरिस्टिक फिल्म फ्लॉप रही थी। बागी 4 से उम्मीद है कि टाइगर एक बार फिर पूरे दमखम के साथ बॉक्स ऑफिस पर वापसी करेंगे।