Happy Independence Day: बॉलीवुड में धूमधाम से मना आजादी का जश्न, किसी ने फहराया तिरंगा तो किसी ने गाया गाना

Bollywood celebrates Independence Day. Photo- X

मुंबई। Happy Independence Day: पूरा देश आज शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह दिन उन कुर्बानियों को याद करने का है, जिनकी वजह से हम आज खुली हवा में सांस ले पाते हैं। ब्रिटिश हुकूमत की गुलामी की जंजीरें तोड़कर देश 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ था।

हर भारतीय के लिए यह दिन किसी पर्व से कम नहीं होता। बॉलीवुड में भी आजादी का पर्व जोरशोर से मनाया जाता है। सेलिब्रिटीज घरों पर तिरंगा फहराते हैं और एक-दूसरे को आजादी की बधाई देते हैं। चलिए, आपको बताते हैं कि बॉलीवुड में स्वतंत्रता दिवस कैसे मनाया गया।

शाह रुख खान ने अपने बंगले मन्नत की छत पर लहराते हुए तिरंगे की फोटो पोस्ट की, जिसमें वो बैकग्राउंड में बेटे अबराम के साथ दिख रहे हैं। शाह रुख ने इसके साथ लिखा- हमारी आजादी हमारा सबसे बड़ा तोहफा है। हमारे विकास की कुंजी। आइए, अपने सिरों को ऊंचा रखें और दिलों को खुला। हम सबको आजादी मुबारक। जय हिंद।

यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी रेस्तरां के आजादी उत्सव की गेस्ट लिस्ट में Kartik Aaryan का नाम? FWICE के एतराज के बाद अभिनेता ने जारी किया स्टेटमेंट

सलमान खान ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वो सारे जहां से अच्छा… गीत का मुखड़ा गाकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहे हैं।

https://twitter.com/BeingSalmanKhan/status/1956285749105471797

ऋतिक रोशन ने एक्स पर लिखा कि आज हम शक्ति, आजादी और साहस का जश्न मनाते हैं, जो कि हमारे भीतर ही है। सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई।

अक्षय कुमार ने बीच पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के साथ स्वतंत्रता दिवस को सेलिब्रेट किया और इसकी तस्वीर पोस्ट की। अक्षय ने लिखा- आजादी तब ज्यादा चमकदार लगती है, जब हम अपने पैरों के नीचे की जमीन की कद्र करते हैं। बीच पर वॉलीबॉल खेल रहा था, जब मैं इन असली हीरोज से मिला, जो बीच को साफ रखते हैं।

अजय देवगन ने तिरंगी रोशनी में नहाये गेटवे ऑफ इंडिया के सामने बैठे हुए अपनी फोटो पोस्ट करके लिखा- इन रंगों के आगे हम सब एक हैं। हमारे पीछे 78 साल हैं और आगे अंतहीन समय। 79वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई।

सनी देओल ने अपनी फिल्म बॉर्डर 2 का मोशन पोस्टर शेयर करके स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने लिखा- हिंदुस्तान के लिए लड़ेंगे। फिर एक बार। बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में 22 जनवरी 2026 को।

मनोज वाजपेयी ने अपनी फिल्म 1971 की एक तस्वीर लगाकर लिखा कि हम अपनी आजादी और आत्मनिर्भरता का इस्तेमाल ऐसे विकल्पों को अपनाने में करें, जिनसे देश के भविष्य को आकार मिले।

कई अन्य सितारों ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने तरीकों से बधाई और शुभकामनाएं दीं। दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों ने भी देशवासियों को इस खास मौके पर शुभकामना संदेश भेजे।