मुंबई। Bigg Boss 19 Grand Premiere: बिग बॉस भारत का एक ऐसा रियलिटी टीवी शो है, जो हर साल लाखों दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। घर में बंद प्रतियोगी, ड्रामा, टास्क, इविक्शन और अनगिनत ट्विस्ट्स के साथ यह शो मनोरंजन की पूरी डोज देता है।
भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे लम्बे चलने वाले रिएलिटी शोज में शामिल बिग बॉस को 19वें सीजन का पर्दा उठने में बस 24 घंटे बाकी हैं। आइए, उससे पहले आपको इस सीजन की पूरी जानकारी देते हैं। कब और कहां कितने बजे शुरू होगा, कितने कंटेस्टेंट्स हैं और इस बार शो में क्या खास होगा, सब जानकारी एक ही जगह पर।
कब और कहां देखें बिग बॉस 19 का ग्रैंड प्रीमियर?
सलमान खान की मेजबानी में बिग बॉस 19 पिछले सीजन के मुकाबले लगभग डेढ़ महीने पहले शुरू हो रहा है। बिग बॉस 18 का आगाज 6 अक्टूबर को रात 9 बजे कलर्स चैनल पर हुआ था।
इस बार का प्रीमियर टीवी चैनल के बजाय जिओ हॉटस्टार पर 24 अगस्त को रात 9 बजे होगा। इसके बाद 10.30 बजे से शो कलर्स चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। सलमान खान की मेजबानी में यह 16वां सीजन है।
क्या है शो की थीम?
बिग बॉस 19 की थीम डेमोक्रेसी है। शो के टीजर और प्रोमोज में सलमान खान ने बताया कि घरवाले इस बार डोमोक्रेसी का लुत्फ उठाएंगे। पिछले सीजनों की तरह इस बार बिग बॉस का हुक्म नहीं चलेगा। शो की थीम का नाम है- घरवालों की सरकार। इसमें और भी कई ट्विस्ट्स शामिल होंगे।
सलमान ने स्टेटमेंट में कहा- काफी लम्बे वक्त से मैं बिग बॉस का हिस्सा रहा हूं और जैसा कि हम सब जानते हैं, बिग बॉस में हर साल कुछ नया होता है और इस बार यह घरवालों की सरकार है और जब इतने सारे लोग अपनी चलाना चाहते हैं तो बवाल मचता है। यही इस शो का अहम बिंदु होता है और घर जंग के मैदान में बदल जाता है। इतने सालों के बाद मैं बस यही कह सकता हूं कि मैं भी उतना ही उत्साहित हूं, जितना आप सब हैं।
बिग बॉस 19 की शुरुआत 16 कंटेस्टेंट्स के साथ होगी। इनमें से एक प्रत्याशी का चुनाव जनता के वोटों द्वारा किया गया है। इस बार घर में कोई डबल बैड नहीं है। घर को इस बार भी उमंग कुमार ने ही डिजाइन किया है।
कंटेस्टेंट्स की पूरी लिस्ट:
बिग बॉस के कंटेस्टेंट्स की कन्फर्म लिस्ट तो तभी पता चलती है, जब शो का प्रीमियर होता है, मगर सूत्रों के अनुसार जो नाम अब तक सामने आये हैं, वो इस प्रकार हैं:
- गौरव खन्ना- टीवी एक्टर, ‘अनुपमा’ से फेमस। सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया के विजेता। सबसे महंगे प्रतियोगी।
- बसीर अली (बसीर बॉब) – रोडीज, स्प्लिट्सविला, एस ऑफ स्पेस से। हैदराबाद से।
- अशनूर कौर – ‘पटियाला बेब्स’ और ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ से फेमस। रियलिटी टीवी डेब्यू।
- अवेज दरबार – कोरियोग्राफर, सोशल मीडिया क्रिएटर। संगीतकार इस्माइल दरबार के बेटे।
- नगमा मिराजकर – डिजिटल क्रिएटर, लाइफस्टाइल और डांस कंटेंट। अवेज दरबार की पूर्व पार्टनर।
- अभिषेक बजाज – टीवी और फिल्म एक्टर, दिल्ली से। मॉडलिंग से शुरूआत।
- शेहबाज बदेशा – बिग बॉस 13 से फेमस, शहनाज गिल के भाई। फैन वोट से।
- नेहल चुडासमा- मिस दीवा यूनिवर्स 2018। मिस यूनिवर्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
- अमाल मलिक- मशहूर गायक और संगीतकार।
- प्रणीत मोरे- आरजे
- कुनिका सदानंद- 90 के दौर की मशहूर कैरेक्टर आर्टिस्ट।
- फरहाना भट्ट- लैला मजनू और नोटबुक की एक्ट्रेस।
- जीशान कादरी – राइटर-एक्टर-फिल्ममेकर, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के स्क्रिप्ट राइटर। बिहार से।
- नतालिया जनोस्जेक- बॉलीवुड में सक्रिय पोलिश एक्ट्रेस
- नीलम गिरि- भोजपुरी एक्ट्रेस
- मृदुल तिवारी – यूट्यूबर, फैन वोट से चुना गया।
बिग बॉस का इतिहास
बिग बॉस भारत में 3 नवंबर 2006 को पहली बार शुरू हुआ था। यह शो डच फॉर्मेट ‘बिग ब्रदर’ पर आधारित है, जिसे एंडेमोल कंपनी ने विकसित किया था। भारत में इसका हिंदी संस्करण सबसे लोकप्रिय है, हालांकि क्षेत्रीय भाषाओं जैसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़ आदि में भी इसके संस्करण हैं।
शो के पहले सीजन के होस्ट अरशद वारसी थे, उसके बाद शिल्पा शेट्टी (सीजन 2), अमिताभ बच्चन (सीजन 3) और फिर सलमान खान ने सीजन 4 से होस्टिंग संभाली, जो अब तक जारी है (कुछ अपवादों को छोड़कर)। अब तक 18 सीजन पूरे हो चुके हैं और हर सीजन में प्रतियोगी घर में 100 दिनों के आसपास रहते हैं, जहां वे टास्क करते हैं, नॉमिनेशन होते हैं और वोटिंग से इविक्शन।
शो ने कई सितारों को जन्म दिया है, जैसे सिद्धार्थ शुक्ला, शहनाज गिल आदि, लेकिन विवादों से भी घिरा रहा है। यह भारत का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला रिएलिटी शो बन चुका है, जो कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर प्रसारित होता है।

