Khosla Ka Ghosla 2 Viral Reel: ‘खोसला का घोंसला 2’ गैंग की रील को इंस्टाग्राम पर मिले 150 मिलियन से ज्यादा व्यूज, देखें बीटीएस वीडियो

Anupm Kher shares BTS video of viral reel. Photo- X

मुंबई। Khosla Ka Ghosla 2 Viral Reel: अगर आप इंस्टाग्राम पर वीडियो देखने का शौक रखते हैं तो इन दिनों आपकी नजरों के सामने से यह रील जरूर गुजर रही होगी। किशोर कुमार के मशहूर गीत मेरे महबूब कयामत होगी… के रीमिक्स वर्जन पर लोग फेशियल एक्सप्रेशन के साथ लिप सिंक कर रहे हैं।

इस गीत के बीच में आने वाली ध्वनियों पर उनकी भाव-भंगिमाएं दिलचस्पी पैदा करती हैं और आप रील देख जाते हैं। इंस्टाग्राम पर बेहद वायरल हो रहे इस ट्रेंड में खोसला का घोंसला 2 फिल्म की लीड स्टार कास्ट भी कूद पड़ी और बिना किसी उम्मीद के बनाई गई इस रील को इंस्टाग्रामपर 150 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं।

वायरल हुई खोसला का घोंसला 2 की रील

बुधवार को अनुपम खेर ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की, साथ ही इस रील को बनाने का बीटीएस वीडियो भी जारी किया।

अनुपम ने एक्स पर लिखा- 150 मिलियन व्यूज और अभी भी जारी हैं। जब हमने यह रील शूट की थी, तब बिल्कुल नहीं सोचा था कि यह सिर्फ इंस्टाग्राम पर 150 मिलियन व्यूज तक पहुंच जाएगी। हमने तो यह इतनी संजीदगी और मासूमियत से बनाई थी, मानो किसी बेहद अहम फिल्म का क्लाइमैक्स शूट कर रहे हों।

यह भी पढ़ें: The Accidental Prime Minister: ट्रोल्स को Anupam Kher ने दिखाया आइना, खोद लाये सालों पुराने ट्वीट्स

अनुपम खेर ने आगे लिखा- सबसे मजेदार बात। बमन ईरानी की मेकअप आर्टिस्ट अमृता ने चुपचाप इसका बीटीएस वीडियो शूट कर लिया। मेरा यकीन कीजिए, बीटीएस वीडियो रील से भी ज्यादा मजाकिया है। एक रील बनाने के लिए किसी मिशन की तरह चार अनुभवी कलाकारों को रिहर्सल, विमर्श और एक-दूसरे को सही करते देखना अपनेआप में कॉमेडी है।

शूटिंग करते हुए जोर से हंस रही युवती कंगन है, जो फिल्म में अहम किरदार में है। जिसने भी इस रील को देखा, साझा किया और कमेंट किया, उन सभी का प्यार बरसाने के लिए बहुत आभार।

तीन दिन पहले शेयर की थी रील

अनुपम ने यह रील 2 अगस्त को सोशल मीडिया में शेयर की थी, जिसके साथ लिखा- खोसला और खुराना कभी सिंक में नहीं होते। यहां भी नहीं। जय हो।

प्रशांत भगिया निर्देशित खोसला का घोंसला 2, 2006 में आई खोसला का घोंसला का सीक्वल है। पहली फिल्म का निर्देशन दिबाकर बनर्जी ने किया था। यह दिल्ली की कहानी है। फिल्म में अनुपम खेर, संजय सूरी और रणवीर शौरी के साथ बमन ईरानी प्रमुख किरदार में हैं। खोसला का घोंसला 2 की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म इसी साल रिलीज होगी।