मुंबई। Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari Teaser: करण जौहर के एक स्टूडेंट सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म परम सुंदरी आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। वहीं, दूसरे स्टूडेंट वरुण धवन की आने वाली फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी का टीजर रिलीज हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों स्टूडेंट्स की हीरोइन जाह्नवी कपूर हैं।
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन शशांक खेतान ने किया है और निर्माता करण जौहर हैं। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बाहुबली के अंदाज में दिखे वरुण
फिल्म के टीजर की शुरुआत कॉमिक सीन के साथ होती है, जिसमें वरुण बाहुबली जैसे गेटअप में नजर आ रहे हैं। वो बंटू से पूछते हैं- लग रहा हूं ना बाहुबली। जवाब आता है- रणवीर सिंह की धोती में प्रभास का पौधा लग रहा है। इसके साथ ही फिल्म की फील्डिंग सेट हो जाती है और समझ में आ जाता है कि वरुण एक बार फिर अपने पुराने कॉमिक अंदाज में लौट रहे हैं।
इसके बाद वरुण अपना परिचय देते हैं कि उनका नाम है सनी संस्कारी और बैकग्राउंड में सोनू निगम का लोकप्रिय गीत तुझे लागे ना नजरिया बजना शुरू हो जाता है। गाने की बीट्स पर जाह्नवी कपूर और सान्या मल्होत्रा की एंट्री होती है। रोहित सराफ भी फिल्म में अहम भूमिका में हैं।
यह भी पढ़ें: September Hindi Movies In Cinemas: बागी 4, जॉली एलएलबी 3…क्या सितम्बर में खत्म होगा फ्लॉप का सितम?
वरुण और जाह्नवी, दूसरी बार पर्दे पर साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों नितेश तिवारी की फिल्म बवाल में साथ आ चुके हैं। यह फिल्म प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी।
दुल्हनिया फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी, करण जौहर और शशांक खेतान की दुल्हनिया फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। पहली फिल्म हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया 2014 में रिलीज हुई थी। दूसरी फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनिया 2017 में आई थी और अब आठ साल बाद यह फिल्म आ रही है।
सनी संस्कारी में मनीष पॉल, अक्षय ओबेरॉय भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत प्रीतम और तनिष्क बागची ने दिया है।

