Jolly LLB 3 Box Office Day 2: दूसरे दिन जॉली एलएलबी 3 की कमाई में जोरदार उछाल, ओपनिंग वीकेंड में 50 करोड़ पक्के

Jolly LLB 3 box office collection day 2. Photo- X

मुंबई। Jolly LLB 3 Box Office Day 2: अक्षय कुमार, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला स्टारर जॉली एलएलबी 3 ने रिलीज के दूसरे दिन जोरदार उछाल लेते हुए पहले दिन के मुकाबले करीब 56 फीसदी ज्यादा कलेक्शन किया है। शनिवार को हुए धांसू कलेक्शन के बाद अब ओपनिंग वीकेंड में 50 करोड़ का आंकड़ा तय माना जा रहा है।

शनिवार को 20 करोड़ का कलेक्शन

19 सितम्बर को रिलीज हुई फिल्म ने 12.75 करोड़ की ओपनिंग ली। यह ओपनिंग ठीकठाक है, मगर अक्षय की पिछली कई फिल्मों ने इससे बेहतर प्रदर्शन किया है। लिहाजा, हाइप और जॉली एलएलबी फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को देखते हुए इसे कम माना गया। मगर, दूसरे दिन के कलेक्शन देखकर लगता है कि जॉली एलएलबी 3 को जो रफ्तार पकड़नी चाहिए थी, वो उसे मिल गई है।

अर्ली रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ने लगभग 20 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर फिल्म का दो दिनों का नेट कलेक्शन 32.75 करोड़ हो गया है। ओपनिंग वीकेंड में 50 करोड़ का पड़ाव पार करने के लिए फिल्म को अब 17.25 करोड़ चाहिए, जो शनिवार के उछाल को देखते हुए सम्भव लग रहा है।

यह भी पढ़ें: Movies This Friday: जॉली ‘एलएलबी 3’ समेत इस शुक्रवार सिनेमाघरों रिलीज होंगी ये 8 फिल्में, पढ़ें पूरी लिस्ट

2025 में अक्षय की चौथी और आखिरी रिलीज

सुभाष कपूर निर्देशित फिल्म में दोनों जॉली एक साथ आये हैं। इस फ्रेंचाइजी की पहली दोनों फिल्में सफल रही थीं। जॉली एलएलबी 3 को क्रिटिक्स का भी साथ मिला और ज्यादातर ने इसे अच्छी रेटिंग दी है।

जॉली एलएलबी 3, इस साल अक्षय की चौथी और आखिरी रिलीज है। इससे पहले स्काय फोर्स, केसरी चैप्टर 2 और हाउसफुल 5 आ चुकी हैं। हाउसफुल 5 ने ओपनिंग वीकेंड में 81.85 करोड़ नेट कलेक्शन किया था। यह अक्षय का इस साल का बेस्ट ओपनिंग वीकेंड है।

इसके बाद स्काय फोर्स है, जिसने 73.20 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में कमाये थे। जॉली एलएलबी 3, 2025 में अक्षय का तीसरा बेस्ट ओपनिंग वीकेंड होगा। केसरी चैप्टर 2 ने 29.62 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जुटाये थे।