मुंबई। SSKTK Box Office Day 4: कई हिट और सुपर हिट कॉमेडी फिल्में देने वाला निर्देशक डेविड धवन के बेटे वरुण धवन का डेब्यू बड़ा प्रोमिसिंग रहा था। करण जौहर ने उन्हें 2012 में स्टूडेंट ऑफ द ईयर से बॉलीवुड में लॉन्च किया था।
वरुण धवन की डैशिंग वर्सनैलिटी ने दर्शकों को प्रभावित किया और उनमें बड़ा स्टार बनने के तत्व देखे गये, मगर 13 साल बीतने के बाद भी वरुण के करियर में अभी तक वो दौर नहीं आया, जो उन्हें कामयाबी के शिखर पर बैठा दे या उन्हें बॉक्स ऑफिस का भरोसेमंद स्टार बना दे।
वरुण की ताजा फिल्म सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस के बाद यही विचार जहन में आता है कि 13 साल पहले वरुण ने जितने मार्क्स के साथ करियर शुरू किया था, आज भी उसी के आस-पास मार्क्स लेकर आ रहे हैं। वक्त गुजरा, मगर उनका बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कार्ड नहीं सुधरा।
चार दिनों में 32 करोड़ का कलेक्शन
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी ने 4 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में लगभग 32.12 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इसके हिसाब से ही वरुण के बॉक्स ऑफिस सफर का विश्लेषण करते हैं। उससे पहले सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी की ओपनिंग वीकेंड में प्रतिदिन कमाई बता देते हैं।
- Day 1: 10.11 करोड़ (गुरुवार)
- Day 2: 6.01 करोड़ (शुक्रवार)
- Day 3: 7.80 करोड़ (शनिवार)
- Day 4: 8.20 करोड़ (रविवार)
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी का ओपनिंग वीकेंड में प्रतिदिन औसत कलेक्शन निकालें तो 8.03 करोड़ आता है, जो 2012 में आई वरुण की डेब्यू फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर से भी खराब है।
फिल्म 2012 में 19 अक्टूबर को शुक्रवार के दिन रिलीज हुई थी। स्टूडेंट ऑफ द ईयर ने 3 दिनों के ओपनिंग वीकेंड में 30 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, यानी फिल्म ने औसतन 10 करोड़ प्रतिदिन जमा किये। इस फिल्म से वरुण के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट भी इंडस्ट्री को मिले।
सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के निर्माता भी करण जौहर ही हैं और निर्देशन किया है शशांक खेतान ने। फिल्म में वरुण के साथ जाह्नवी कपूर, रोहित सराफ, सान्या मल्होत्रा और मनीष पॉल सपोर्टिंग कास्ट में हैं।
यह भी पढ़ें: Bollywood Movies in October: दिवाली के महीने में बॉक्स ऑफिस पर कई पटाखे, होंगे फुस्स या करेंगे धमाका?
पिछले पांच सालों का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड
अब अगर, वरुण की पिछली 5 फिल्मों के ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस देखें तो 25 दिसम्बर 2024 को आई बेबी जॉन ने 27.38 करोड़ जमा किये थे, जिसका औसत प्रतिदिन कलेक्शन 5.47 करोड़ आता है।
25 नवम्बर 2022 को रिलीज कॉमेडी हॉरर भेड़िया ने तीन दिनों में 28.55 करोड़ कमाये थे, जिसका औसत 9.51 करोड़ प्रतिदिन आता है। 24 जून 2022 को आई जुग जुग जीयो ने तीन दिन के ओपनिंग वीकेंड में 36.93 करोड़ जमा किये थे, जिसका औसत 12.31 करोड़ प्रतिदिन आता है। याद रहे कि जुग जुग जीयो मल्टीस्टारर फिल्म थी।
24 जनवरी 2020 को रिलीज हुई स्ट्रीट डांसर 3डी ने ओपनिंग वीकेंड में 39 करोड़ कमाये थे, जिसका औसत 13 करोड़ प्रतिदिन आता है।
फिल्म (रिलीज डेट) | रिलीज डे | ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन | औसत कलेक्शन प्रतिदिन |
बेबी जॉन (25 दिसम्बर, 2024) | बुधवार | 27.38 करोड़ | 5.47 करोड़ |
भेड़िया (25 नवम्बर, 2022) | शुक्रवार | 28.55 करोड़ | 9.51 करोड़ |
जुग जुग जीयो (24 जून 2022) | शुक्रवार | 36.93 करोड़ | 12.31 करोड़ |
स्ट्रीट डांसर 3डी (24 जनवरी, 2020) | शुक्रवार | 39 करोड़ | 13 करोड़ |
जाहिर है कि पिछले पांच सालों में सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी वरुण धवन चौथा बेस्ट ओपनिंग वीकेंड है।
सोलो लीड रोल में जुड़वां बेस्ट ओपनिंग वीकेंड
सोलो लीड रोल में वरुण का बेस्ट ओपनिंग वीकेंड 2017 में आई फिल्म जुड़वां का रहा था। 29 सितम्बर को रिलीज हुई फिल्म ने 59.25 करोड़ जुटाये थे। प्रतिदिन कमाई का औसत निकालें तो लगभग 20 करोड़ रहा था। इस फिल्म का निर्देशन डेविड धवन ने किया था।