38 साल पहले शुरू हुई थी हॉलीवुड की प्रेडेटर फ्रेंचाइजी, इस हॉलीवुड दिग्गज ने निभाई थी मुख्य भूमिका

Know the history of Predator movies. Photo- X

मुंबई। History of Predator Franchise: हॉलीवुड सिनेमा फ्रेंचाइजी फिल्मों के लिए मशहूर है। इनमें कई फ्रेंचाइजी ऐसी हैं, जो सालों से चली आ रही हैं और एक पूरी पीढ़ी इनके साथ जवान हुई है। इन्हीं में से एक फ्रेंचाइजी प्रेडेटर है, जो एक बेहद ताकतवर एलियन की कहानी दिखाती है।

इस फ्रेंचाइजी की नई फिल्म प्रेडेटर बैडलैंड्स नवम्बर में रिलीज होने वाली है। उससे पहले आइए आपको बताते हैं इस फ्रेंचाइजी का पूरा इतिहास। कब और कितनी फिल्में आईं और वक्त के साथ इस फ्रेंचाइजी में आये क्या बदलाव?

1987 में शुरू हुई थी प्रेडेटर फ्रेंचाइजी

सबसे लोकप्रिय और रोमांचक साइंस-फिक्शन फ्रेंचाइजी प्रेडेटर की शुरुआत 1987 में हुई थी, जब पहली फिल्म प्रेडेटर रिलीज हुई। जॉन मैकटियरन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्नोल्ड श्वार्जनेगर ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

कहानी मध्य अमेरिकी जंगलों में तैनात एक कमांडो टीम की है, जो एक अज्ञात और खतरनाक एलियन प्राणी के शिकंजे में फंस जाती है, जिसे प्रेडेटर कहते हैं। इस फिल्म ने एक्शन, सस्पेंस और साइंस-फिक्शन का ऐसा मिश्रण पेश किया, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और इस किरदार को सिनेमाई इतिहास में अमर बना दिया।

इसके तीन साल बाद 1990 में आई प्रेडेटर 2 कहानी को शहरी माहौल में लेकर आ गई। इस बार जंग का मैदान लॉस एंजेलिस बना, जहां गैंगवार और अपराध के बीच एक नया प्रेडेटर इंसानों का शिकार करने आता है।

अभिनेता डैनी ग्लोवर ने इस बार उस पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई, जो इस भयानक प्राणी का सामना करता है। फिल्म ने अपने अलग सेटिंग और शहरी हिंसा के माहौल से एक नया आयाम दिया।

यह भी पढ़ें: Hollywood Movies in October: अवतार 2, द स्मैशिंग मशीन, ब्लैक फोन 2, बुगोनिया… इस महीने आ रहीं इतनी हॉलीवुड फिल्में

2004 में ‘एलियन बनाम प्रेडेटर’ एंगल

साल 2004 में इस फ्रेंचाइजी ने एक दिलचस्प मोड़ लिया, जब इसे एलियन सीरीज के साथ जोड़ा गया। फिल्म एलियन वर्सेज प्रेडेटर में अंटार्कटिका की बर्फ के नीचे दबी एक प्राचीन पिरामिड में इंसान दो एलियन प्रजातियों Predator और Xenomorph (Alien) के बीच हो रहे युद्ध में फंस जाते हैं।

इस फिल्म ने दोनों लोकप्रिय फ्रेंचाइजी को एक साथ लाकर एक अनोखा सिनेमाई प्रयोग किया। 2007 में इसका अगला भाग ‘Aliens vs Predator: Requiem आया, जिसमें एक छोटे अमेरिकी शहर में एक नई भयावह प्रेडेटर-एलियन संतान (Predalien) का आतंक दिखाया गया।

2010 में अन्य ग्रह पर पहुंची कहानी

2010 में प्रेडेटर्स के नाम से इस सीरीज को नए रूप में पेश किया गया। रॉबर्ट रोड्रिग्ज के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म में एड्रियन ब्रॉडी और एलिस ब्रागा ने अभिनय किया। यह कहानी कुछ चुनिंदा योद्धाओं की है, जो एक अनजान ग्रह पर जागते हैं और वहां शिकार बनते हैं खुद प्रेडेटर्स के लिए।

यह फिल्म पहले भाग की भावना को पुनर्जीवित करती है, जहां इंसान और शिकारी के बीच का संघर्ष अपने चरम पर पहुंचता है।

2018 में प्रेडेटर्स की धरती पर वापसी

2018 में निर्देशक शेन ब्लैक ने द प्रेडेटर के साथ फ्रेंचाइजी को फिर से शुरू करने की कोशिश की। इस फिल्म में एक बच्चे की गलती से एलियंस दोबारा धरती पर लौट आते हैं और इस बार इंसानों को एक नई, जेनेटिकली अपग्रेडेड प्रेडेटर प्रजाति का सामना करना पड़ता है। हालांकि, फिल्म में एक्शन और हास्य का मिश्रण था, लेकिन इसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिलीं।

इसके बाद 2022 में आई फिल्म “Prey”, जिसने इस फ्रेंचाइजी को नई जान दे दी। डैन ट्रैक्टेनबर्ग के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1719 के दौर में सेट है, जहां एक युवा नेटिव अमेरिकी योद्धा नारू (Amber Midthunder) पहली बार धरती पर आए प्रेडेटर का सामना करती है।

यह फिल्म अपने अद्भुत दृश्य, सशक्त नायिका और वास्तविकता के करीब सांस्कृतिक पेशकश के लिए खूब सराही गई और इसे अब तक की सबसे बेहतरीन Predator फिल्मों में से एक माना गया।

प्रेडेटर बैडलैंड्स

7 नवम्बर को आ रही प्रेडेटर बैडलैंड्स इस फ्रेंचाइजी का नया चैप्टर है। इसका निर्देशन भी डैन ट्रैक्टेनबर्ग ने किया है। यह फिल्म भविष्य की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां ‘सबसे खतरनाक ग्रह’ पर एक युवा प्रेडेटर को कबीले से निकाल दिया गया है। वो आधे नष्ट हो चुके एंड्रॉइड थिया के साथ एक जानलेवा यात्रा पर निकलता है।

इस सफर में उसे ना केवल नई प्रजातियों का सामना करना है, बल्कि प्रतिद्वंद्वी प्रेडेटर्स से भी जूझना पड़ता है।