Kantara Chapter 1 Box Office: रिलीज के सातवें दिन 300 करोड़ पार, हिंदी में शतक लगाने की तैयारी

Kantara box office collection day 7. Photo- screenshot

मुंबई। Kantara Chapter 1 Box Office Day 7: ऋषभ शेट्टी अभिनीत और निर्देशित फिल्म कांतारा चैप्टर 1 ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। कन्नड़ फिल्म ने उम्मीदों के मुताबिक कारोबार किया है और दक्षिण से लेकर उत्तर तक अपना दमखम साबित किया है।

हिंदी में 100 करोड़ कमाने वाली 2025 की पहली साउथ फिल्म

रिलीज के सातवें दिन बुधवार को कांतारा 2 ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है, वहीं हिंदी में 100 करोड़ का पड़ाव पार करने की उम्मीद है। हिंदी भाषा में इस पड़ाव को पार करने वाली यह साल की पहली दक्षिण भारतीय फिल्म होगी। माइथोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 2022 में आई कांतारा के हिंदी कलेक्शन को पहले ही पीछे छोड़ चुकी है।

2 अक्टूबर (गुरुवार) को रिलीज हुई कांतारा चैप्टर 1 आज बुधवार को सिनेमाघरों में एक हफ्ता पूरा कर लिया। शाम 7 बजे तक फिल्म 15.42 करोड़ का नेट कलेक्शन सभी भाषाओं में कर चुकी है, जिसे मिलाकर फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सभी भाषाओं में नेट कलेक्शन 306.42 करोड़ हो चुका है।

यह भी पढ़ें: ‘दैव के रूप की नकल करके आस्था का अपमान ना करें’, Kantara Chapter 1 के मेकर्स ने लोगों से की अपील

हिंदी वर्जन ने की सबसे ज्यादा कमाई

इसमें सबसे ज्यादा योगदान हिंदी भाषा का है, जिसने मंगलवार तक 6 दिनों में 93.50 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया है और आज (बुधवार) 100 करोड़ के पड़ाव को पार कर लेगी। दूसरे स्थान पर कन्नड़ वर्जन का योगदान है, जिसने 88.10 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, तेलुगु वर्जन ने 57.90 करोड़ पिछले 6 दिनों में जोड़े हैं।

नीचे दी गई टेबल में भाषावार 6 दिनों के आंकड़े दिये गये हैं।

Dayहिंदी (करोड़)कन्नड़ (करोड़)तमिल (करोड़)तेलुगु (करोड़)मलयालम (करोड़)
Day 1 (गुरुवार)18.5019.605.50135.25
Day 2 (शुक्रवार)12.5013.504.5011.753.75
Day 3 (शनिवार)1914.505.7511.754.25
Day 4 (रविवार)23.5015.506.5011.254.75
Day 5 (सोमवार)8.75122.755.402.60
Day 6 (मंगलवार)11.25132.504.752.25
6 Days Collection93.5088.1027.5057.9022.85

कांतारा 2 का निर्माण होम्बले फिल्म्स ने किया है। फिल्म को दर्शकों के साथ राजनेताओं और सेलिब्रिटीज का भी खूब साथ मिल रहा है। ऋतिक रोशन ने फिल्म का हिंदी ट्रेलर रिलीज किया था, वहीं कई बॉलीवुड कलाकारों ने फिल्म की तारीफ की है।

हिंदी बेल्ट में फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स को देखते हुए फिल्म की स्टार कास्ट ने मंगलवार को दिल्ली और नोएडा में कार्यक्रम किये, जिसकी सूचना सोशल मीडिया के जरिए साझा की थी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फिल्म के लीड एक्टर ऋषभ शेट्टी समेत पूरी टीम ने मुलाकात भी की।