एक्टर और बॉडी बिल्डर वरिंदर सिंह घूमन को सलमान खान ने दी श्रद्धांजलि, तस्वीर शेयर कर बोले- याद आओगे!

Salman Khan mourns Varinder Singh Ghuman's death. Photo- X

मुंबई। Varinder Singh Ghuman Death: अभिनेता और मशहूर बॉडीबिल्डर वरिंदर सिंह घूमन का महज 42 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वरिंदर की फिटनेस और फिजीक देखकर कोई नहीं कह सकता था कि वो इतनी जल्दी और ऐसे चले जाएंगे। इसीलिए, जिसने भी यह खबर सुनी वो गम में डूब गया।

खासकर, पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर छा गई है। वहीं, बॉलीवुड में भी उन्हें जानने वाले श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

शानदार फिजीक के मालिक वरिंदर ने सलमान खान के साथ टाइगर 3 में काम किया था। सलमान ने उनके साथ अपनी फोटो पोस्ट करके लिखा- प्रा, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दें। आपकी याद आएगी।

इस तस्वीर में वरिंदर ने काले रंग की टीशर्ट पहनी हुई है और माथे पर लाल तिलक लगा है। वरिंदर थम्स अप कर हैं। साथ में सलमान पुलिस यूनिफॉर्म पहने खड़े हैं। उनकी नेम प्लेट पर चुलबुल पांडे लिखा है, यानी ये तस्वीर दबंग फिल्म की शूटिंग के दौरान ली गई है।

यह भी पढ़ें: दिग्गज अभिनेत्री संध्या शांताराम का 87 साल की उम्र में निधन, फिल्म इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि

वरिंदर के निधन की खबर पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और सांसद सुखिंदर सिंह रंधावा ने गुरुवार को एक्स पर शेयर की थी।

उन्होंने गुरुमुखी में लिखा, जिसका अनुवाद इस प्रकार है- पंजाब के मशहूर बॉडीबिल्डर और एक्टर वीरेंद्र सिंह घूमन जी के आकस्मिक निधन की खबर ने मुझे झकझोर दिया है। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और काबिलियत से उन्होंने पूरी दुनिया में पंजाब का नाम रोशन किया।

वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को मोक्ष प्रदान करें और अपने चरणों में स्थान दें। उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

कई अन्य पंजाबी सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों ने उनके निधन पर शोक जताया।

अस्पताल में हुआ निधन

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, वरिंदर का निधन अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ। एक सीनियर डॉक्टर ने पुष्टि करते हुए बताया कि उनका निधन 9 अक्टूबर को शाम 5.30 बजे हुआ।

वरिंदर ने 2009 में मिस्टर इंडिया का खिताब जीता था। मिस्टर एशिया में वो दूसरे स्थान पर रहे थे। पंजाबी फिल्मों में उन्होंने कबड्डी वंस मोर फिल्म से करियर शुरू किया था। कुछ हिंदी फिल्मों में भी नजर आये थे।