मुंबई। 10 अक्टूबर को हिंदी सिनेमा की ओरिजिल डीवा रेखा 71वां जन्मदिन मना रही हैं। रेखा भारतीय सिनेमा की उन अदाकाराओं में शामिल हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के साथ अपनी खूबसूरती और शख्सियत से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया।
रेखा ने अपने दौर के कई सुपरस्टार्स के साथ काम किया। कई नायिका प्रधान फिल्मों की वो हीरोइन बनीं। उस दौर की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी के साथ रेखा ने कई फिल्में कीं और दोनों रियल लाइफ में काफी अच्छी दोस्त हैं।
हेमा मालिनी ने किया रेखा को विश
हेमा मालिनी ने रेखा के जन्मदिन पर उनके साथ अपनी तस्वीरें शेयर करके बधाई दी और भावुक नोट लिखा, जिसमें हेमा कहती हैं- आज एक प्यार दोस्त के लिए जन्मदिन की बदाई। रेखा, अंदर और बाहर से खूबसूरत। समय और उम्र के बंधन से मुक्त खूबसूरती। इंडस्ट्री में वो मेरी सबसे करीबी दोस्त है, जिसने हमेशा मेरा भला चाहा
हिंदी सिनेमा में हमारी उन्नति के पीछे हमारी मांएं हैं। हमारी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि हमें जोड़कर रखती है और हम अक्सर तमिल में बात करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि रेखा को हमेशा खुशी और जीवन में सब कुछ दें। जन्मदिन मुबारक मेरी प्यारी दोस्त।
यह भी पढ़ें: 50 Years Of Sholay: शोले को बनाने में इस शख्स का था खास योगदान, सब भूले तो धर्मेंद्र ने दिलाया याद
रेखा का जन्म 10 अक्टूबर 1954 को चेन्नई में हुआ था। वे दक्षिण भारतीय सुपरस्टार जेमिनी गणेशन और पुष्पावल्ली की बेटी हैं। मात्र 13 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत तेलुगु फिल्म ‘रंगुला रत्नम’ (1966) से की।
हिंदी सिनेमा में उनका पहला कदम था ‘सावन भादों’ (1970), जिसमें वे ग्लैमरस छवि के साथ आईं। फिल्म सफल रही और रेखा एक झटके में चर्चा में आ गईं, लेकिन शुरुआती वर्षों में उन्हें “सिर्फ सुंदर चेहरा” कहकर नजरअंदाज किया गया।
धीरे-धीरे उन्होंने खुद को निखारा। भाषा, संवाद और व्यक्तित्व सब पर मेहनत की।
हेमा मालिनी और रेखा की फिल्में
हेमा मालिनी के साथ रेखा ने कई फिल्में कीं। इनमें से कुछ में दोनों ने स्क्रीन स्पेस साझा किया तो कुछ में नहीं। राजेंद्र कुमार की गोरा और काला, फिरोज खान की धर्मात्मा, जीतेंद्र की अपने अपने, धर्मेंद्र-जीतेंद्र की जान हथेली पे, राजेश खन्ना और जीतेंद्र की पलकों की छांव में, कहते हैं मुझको राजा में उन्होंने साथ काम किया।
फिल्मों में उन्होंने गांव की गोरी से लेकर शहर की छोरी तक के किरदार निभाये, मगर पर्दे के इस पर उनकी छवि एक ऐसी अभिनेत्री की रही, जो अपनी बातों और आवाज से किसी का भी दिल धड़का दे।
सत्तर और अस्सी के दौर में रेखा ने कई हिट और सुपर हिट फिल्मों में काम किया। उनकी लोकप्रियता का आलम यह था कि उनकी बराबरी पुरुष सुपरस्टार्स से की जाती थी। इंडस्ट्री में रेखा की जिंदगी को लेकर काफी चर्चा होती है।