मुंबई। Dua’s First Photo: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने मंगलवार को अपने फैंस और चाहने वालों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं और पहली बार बेटी दुआ का चेहरा रिवील किया।
दीपिका-रणवीर ने जो तस्वीरें शेयर की हैं, उनमें कपल के साथ बेबी दुआ पारम्परिक परिधानों में नजर आ रहे हैं। नन्ही दुआ की पहली तस्वीरों पर फैंस, करीबी और चाहने वाले जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
बेबी दुआ की पहली झलक
दुआ अपनी अपनी मम्मी दीपिका के साथ मैचिंग कलर की पोशाक पहने हुए हैं। तस्वीरों के साथ दीपिका ने लिखा- दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।
तस्वीरें शेयर करने के एक घंटे के भीतर ही इन्हें 2.2 मिलियन लाइक्स मिल चुके हैं और तमाम सेलिब्रिटीज ने कमेंट करके प्यारी दुआ का स्वागत किया। सिंगर श्रिया घोषाल ने लिखा- बेबी दुआ मम्मा और पापा का परफेक्ट मिक्स है। अनन्या पांडेय ने ओह माइ गॉड लिखकर लव इमोजी बनाई हैं।

सोनम कपूर, शिल्पा शेट्टी, राजकुमार राव, गौहर खान, रकुल प्रीत, आयुष्मान खुराना, रिया कपूर, जरीन खान, संजय कपूर करण जौहर, अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर ने तस्वीरों पर प्रतिक्रिया दी।
दीपिका ने पिछले साल 8 सितम्बर को दुआ को जन्म दिया था। नवम्बर में दीपिका ने दुआ के नन्हे पैरों की फोटो शेयर करके उसके नाम से रू-ब-रू करवाया था। दीपिका ने बताया था कि बेटी का नाम दुआ पादुकोण सिंह है। उन्होंने लिखा था कि दुआ नाम इसलिए रखा है, क्योंकि वो उनकी प्रार्थनाओं का सिला है।

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की शादी अक्टूबर 2018 में हुई थी। शादी के छह साल बाद दुआ का जन्म हुआ।
धुरंधर से पर्दे पर लौटेंगे रणवीर सिंह
दोनों कलाकारों के करियर की बात करें तो रणवीर सिंह की स्पाइ थ्रिलर फिल्म धुरंधर दिसम्बर में आने वाली है। वहीं, दीपिका अल्लू अर्जुन के साथ फिल्म कर रही हैं, जिसका निर्देशन एटली कर रहे हैं। दीपिका पिछले दिनों प्रभास की स्पिरिट और कल्कि 2898 एडी छोड़ने के लिए चर्चा में रही थीं।

