Bigg Boss 19: इस हफ्ते की नॉमिनेशंस प्रक्रिया में हो गया खेल! हिना खान ने लगाया बड़ा आरोप- क्या बदली गईं तस्वीरें?

Bigg Boss Nominations are rigged. Photo- X

मुंबई। Bigg Boss 19 Nominations: बिग बॉस का 19वां सीजन नौवें हफ्ते में पहुंच गया है और आधे से ज्यादा सफर तय कर चुका है। घर में अब कंटेस्टेंट्स के रंग और तेवर बदलते नजर आ रहे हैं। लड़ाइयां बढ़ गई हैं और कंटेस्टेंट्स के बीच की समीकरण भी बदल रही है।

इस बीच बिग बॉस सीजन 11 की फर्स्ट रनर अप रहीं हिना खान ने इस हफ्ते की नॉमिनेशन प्रक्रिया पर सवाल उठाये हैं। हिना ने संदेह जताया है कि नॉमिनेशंस प्रक्रिया के दौरान कहीं तस्वीरें तो नहीं बदली गईं।

क्या थी नॉमिनेशंस की प्रक्रिया?

बुधवार रात प्रसारित हुए एपिसोड में घरवालों ने एक-दूसरे को बेघर होने के लिए नॉमिनेट किया। इस बार की नॉमिनेशन प्रक्रिया को किस्मत के हवाले कर दिया गया। हर एक कंटेस्टेंट को एक लॉकर नम्बर चुनना था। हर लॉकर में घर के किसी ना किसी सदस्य की फोटो रखी थी। कंटेस्टेंट उस लॉकर को खोलेगा। उसके पास दो ऑप्शंस थे- नॉमिनेट करे या सेव करे।

यह प्रक्रिया चेन रिएक्शन की तरह आगे बढ़ाई गई, यानी जो भी सदस्य नॉमिनेट या सेव होगा, उसे लॉकर खोलने का मौका मिलेगा। यह प्रक्रिया तब तक चलती रहेगी, जब तक चार नॉमिनेशंस नहीं मिल जाते।

प्रक्रिया की शुरुआत कुनिका सदानंद के साथ हुई, जिन्होंने एक कार्ड चुना। इस कार्ड पर गौरव खन्ना का नाम था। गौरव ने लॉकर नम्बर 11 चुना और ताला खोलकर एक तस्वीर निकाली, जो नेहल की थी।

नॉमिनेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस हफ्ते बेघर होने के लिए गौरव खन्ना, बसीर अली, नेहल चुड़ासमा और प्रणीत मोरे नॉमिनेटेड हुए।

यह भी पढ़ें: Bigg Boss 19: ‘वीकेंड का वार’ में एआर मुरुगदास और अभिनव कश्यप पर सलमान का जोरदार वार, दोनों निर्देशकों को भिगो-भिगोकर धोया

हिना ने लगाया फिक्स्ड नॉमिनेशंस का आरोप?

हिना खान ने एक्स पर पोस्ट लिखकर इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा- अगर फिक्स्ड नॉमिनेशंस का कोई चेहरा होता। बॉक्स खोलने के लिए सबसे पहले किसको भेजा, इससे सब कुछ तय हो गया।

और हां, बॉक्स नम्बर चूज करने के बाद क्या पीछे से तस्वीरें बदली जा रही थीं? हमें क्या पता। जनता जानना चाहती है। अफसोस है कि इस शो ने अपना आकर्षण खो दिया।

हालांकि, हिना के इस ऑब्जर्वेशन को कुछ यूजर्स का साथ मिला है तो कुछ ने इसे नकारा है। एक यूजर ने लिखा- माना कि पिक्चर चेंज हो सकती है, लेकिन बंदे को सेव करना या नॉमिनेट करना टीम की कल्पना और नियंत्रण के बाहर था। और जब सबको पता था कि सिर्फ 4 ही नॉमिनेशंस हो सकते हैं तो बसीर और अन्य लोग अलग फैसला ले सकते थे।

बिग बॉस का 19वां सीजन 24 अगस्त को 16 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुआ था और फिलहाल 14 कंटेस्टेंट्स मौजूद हैं। घर से अब तक नतालिया, नगमा, आवेज दरबार और जीशान कादरी बेघर हो चुके हैं। शहबाज ने 14वें दिन वाइल्ड कार्ड के तौर पर एंट्री ली थी। वहीं, मालती चहर 42वें दिन वाइल्ड कार्ड के रूप में पहुंचीं थीं।