मुंबई। Satish Shah Death: पिछले कुछ दिन मनोरंजन इंडस्ट्री के लिए गम से भरे हुए रहे हैं। एक के बाद एक दिग्गज कलाकार दुनिया को अलविदा कह गये। दिवाली पर हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और मशहूर हास्य कलाकार असरानी के निधन की खबर आई।
शुक्रवार को विज्ञापनों की दुनिया के लीजेंड पीयूष पांडेय ने दुनिया को अलविदा कह दिया और आज शनिवार को हिंदी सिनेमा के एक और दिग्गज कलाकार सतीश शाह के निधन की खबर ने मनोरंजन जगत को झकझोर दिया।
हमेशा मुस्कुराते रहने वाले सतीश शाह के निधन पर कई आंखें नम हो गईं। खासकर, वे कलाकार, जिन्होंने उनके साथ कभी ना कभी स्क्रीन स्पेस शेयर किया। ऐसे ही अभिनेता अनुपम खेर हैं, जिन्होंने उनके साथ दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे और हम आपके हैं कौन जैसी सुपरहिट फिल्मों में स्क्रीन स्पेस शेयर किया था।
अनुपम खेर ने स्विटजरलैंड से जारी किया वीडियो
सतीश के निधन से अनुपम खेर को गहरा सदमा लगा है। अनुपम इस वक्त स्विटजरलैंड में हैं। उन्होंने वहां से अपना एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें सतीश शाह को याद करते हुए बेहद भावुक दिख रहे हैं। बात-बात करते-करते जब पलकें आंसू नहीं रोक सकीं तो अनुपम ने काला चश्मा पहन लिया, मगर दुख चश्मे से कहां छिपता है।
वीडियो में अनुपम कहते हैं- तीन दिनों में इतने-अच्छे-अच्छे लोग चले गये। मेरे साथ के। इस खोखली हंसी के पीछे बहुत उदासी है। मैं जब भी सतीश शाह को फोन करता था, कहता था- सतीश मेरे शाह। वो बोलता था- जहांपनाह।
वीडियो में अमुपम बताते हैं कि उनकी जनरल नॉलेज कमाल की थी। किसी भी विषय पर बेहिचक बात करते थे। कुछ भी पूछने पर जवाब जरूर मिलता था।
अनुपम आगे कहते हैं- ऐसा नहीं होता। ऐसे जाना नहीं होता है। कोई हक नहीं है आपको ऐसे अचानक जाने का। मेरे पास शब्द ही नहीं हैं। दिल कर रहा है कि बस देखता रहूं और शोक प्रकट करता रहूं। मिस यू यार।
इस वीडियो में सुनिए दोस्त के जाने का गम:
यह भी पढ़ें: Satish Shah Death: असरानी के बाद बॉलीवुड को एक और झटका, 74 साल की उम्र में वेटरन एक्टर का सतीश शाह का निधन
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने शनिवार को सतीश शाह के निधन की खबर सोशल मीडिया में साझा की थी। उनके मुताबिक, वेटरन एक्टर का निधन किडनी फेल्योर की वजह से हुआ। वो हिंदूजा अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
FTII में पढ़े थे सतीश शाह
सतीश शाह हास्य भूमिकाओं के लिए मशहूर रहे थे। उन्होंने मुंबई के सेंट जेवियर कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से डिप्लोमा किया था।
शुरुआती दौर में छोटी-छोटी भूमिकाएं करने के बाद उनकी पहली बड़ी भूमिका कुंदन शाह की फिल्म जाने भी दो यारों में थी, जिसमें उन्होंने भ्रष्ट अधिकारी कमिश्नर डिमेलो का किरदार निभाया था। फिल्म में उनका किरदार मर जाता है और उसकी डेड बॉडी इधर-उधर ले जाया जाता है।
1984 में कुंदन शाह के टीवी शो ये जो है जिंदगी ने उन्हें बड़ी पहचान दिलवाई, जिसके 55 एपिसोड प्रसारित हुए थे और हर एपिसोड में सतीश ने नया किरदार निभाया था। उनका दूसरा चर्चित धारावाहिक साराभाई वर्सेस साराभाई है, जो 2004 से 2006 तक प्रसारित हुआ था।
सतीश शाह की आखिरी फिल्म हमशकल्स है, जो 2014 में आई थी। 2023 में जी5 पर प्रसारित हुई सीरीज यूनाइटेड कच्चे में वो आखिरी बार अभिनय करते हुए देखे गये थे।

