मुंबई। Dhurandhar Box Office Day 5: रणवीर सिंह की स्पाइ थ्रिलर फिल्म धुरंधर एक सरप्राइज के तौर पर उभरी है। फिल्म की रिलीज से पहले तरह-तरह की बातें चल रही थीं। निर्माता-निर्देशक आदित्य धर की पत्नी और एक्ट्रेस यामी गौतम फिल्म को लेकर सोशल मीडिया में चल रही नकारात्मकता से परेशान थीं।
उन्होंने एक्स पर एक नोट भी लिखा था, मगर लगता है कि यामी की सारी चिंताएं फिजूल थीं, क्योंकि रिलीज होते ही धुरंधर ने ऐसी रफ्तार पकड़ी है, तो जल्द थमने वाली नहीं है। वर्किंग वीक में फिल्म ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर चल रही है, बल्कि धज्जियां उड़ा रही है।
मंगलवार को 28 करोड़ कलेक्शन
मंगलवार को धुरंधर ने रिलीज के पांचवें दिन 28.60 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है, जो एकदम ओपनिंग कलेक्शन के बराबर है। मंगलवार के कलेक्शन के बाद धुरंधर का घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 5 दिनों का नेट कलेक्शन 159.40 करोड़ हो चुका है।
अगर, यही रफ्तार आज बुधवार को भी कायम रही तो धुरंधर साल की चौथी सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म वॉर 2 को पीछे छोड़ देगी, जिसने 185.13 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस फिल्म में ऋतिक रोशन और एनटीआर जूनियर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिलहाल टॉप 10 कलेक्शंस की लिस्ट में फिल्म नौवें स्थान पर है।
1- छावा- 600.10 करोड़
2- सैयारा- 337.78 करोड़
3- कांतारा अ लीजेंड- चैप्टर 1- 224.39 करोड़
4- वॉर 2- 185.13
5- महावतार नरसिम्हा- 182.83 करोड़
6- रेड 2- 178.08 करोड़
7- सितारे जमीन पर- 165.67 करोड़
8- हाउसफुल 5- 160.72 करोड़
9- धुरंधर- 159.40 करोड़
10- स्काय फोर्स- 131.44 करोड़
पहले हफ्ते में 200 करोड़?
फिल्म की यह गति देखते हुए अब यह बात भी लगभग पक्की है कि फिल्म ओपनिंग वीक में 200 करोड़ का पड़ाव पार कर लेगी, जिसके लिए सिर्फ 40.60 करोड़ चाहिए। आज बुधवार और कल गुरुवार को 2 दिनों में यह रकम मिलना बड़ी बात नहीं है।
अगर, ऐसा होता है तो धुरंधर रणवीर सिंह की फास्टेस्ट 200 करोड़ी फिल्म होगी। 2018 के जनवरी महीने में रिलीज हुई पद्मावत ने 302 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन किया था, जबकि 200 करोड़ तक पहुंचने में 11 दिन लगाये थे। वहीं, दिसम्बर 2018 में आई सिम्बा ने 240 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था, जबकि 200 करोड़ पार करने में 12 दिन लिये थे।
सिर्फ पांच दिनों में रॉकी और रानी की प्रेम कहानी को पीछे छोड़कर धुरंधर रणवीर के करियर की चौथी हाइएस्ट ग्रॉसर बन चुकी है।
- पद्मावत- 302.15 करोड़
- सिम्बा- 240.31 करोड़
- बाजीराव मस्तानी- 184.20 करोड़
- धुरंधर- 159.40 करोड़
- रॉकी और रानी की प्रेम कहानी- 153.60 करोड़
- गली ब्वॉय- 140.25 करोड़
- गोलियों की रासलीला राम लीला- 116.33 करोड़
- 83- 109.02 करोड़
ओपनिंग वीकेंड में मिले 100 करोड़
5 दिसम्बर को रिलीज हुई धुरंधर ने आते ही अपने इरादे दिखा दिये थे कि वो आगे धमाके पर धमाके करने वाली है। फिल्म ने 28.60 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली थी और ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था।
Day 1 (शुक्रवार): 28.60 करोड़
Day 2 (शनिवार): 33.10 करोड़
Day 3 (रविवार): 44.80 करोड़
Day 4 (सोमवार): 24.30 करोड़
Day 5 (मंगलवार): 28.60 करोड़
धुरंधर, स्पाइ एक्शन थ्रिलर है, जिसकी कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। हालांकि, फिल्म के पेस पकड़ने के साथ ही इस पर प्रोपेगैंडा फिल्म होने के आरोप भी लगने शुरू हो गये हैं। कुछ लोगों का मानना है कि फिल्म सत्ताधारी पार्टी के एजेंडे को ध्यान में रखकर बनाई गई है। यह नया हिंदुस्तान है, घर में घुसकर मारता है, जैसे डायलॉग संदेह पैदा कर रहे हैं।
कहा यह भी जा रहा है कि फिल्म की कहानी का प्लॉट जिस सच्ची घटना से प्रेरित है, उसका कालखंड 2002-2007 है। उस वक्त केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, फिर कैसे यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार के नजरिये को आगे बढ़ा रही है। फिल्म में संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, आर माधवन और सारा अर्जुन प्रमुख किरदारों में हैं।

