मुंबई। Ranveer Singh First Reaction on Dhurandhar: लम्बे अर्से बाद रणवीर सिंह को बॉक्स ऑफिस पर ऐसी सफलता मिली, जिसने उन्हें बॉलीवुड के धुरंधरों में शामिल कर दिया। एक बड़ी सफलता के लिए तरसते रणवीर से किस्मत जैसे रूठ गई थी। फिर आई धुरंधर और सब बदल गया। फिल्म की सफलता से आह्लादित रणवीर की पहली प्रतिक्रिया आई है।
नजर और सब्र रखना चाहते हैं रणवीर
रणवीर ने सोमवार को इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- किस्मत की एक बहुत खूबसूरत आदत है कि वो वक्त आने पर बदलती है। लेकिन, फिलहाल… नजर और सब्र। रणवीर ने इस संदेश में और कुछ नहीं लिखा है। ना फिल्म का जिक्र किया है और ना ही कलेक्शंस का।
एक और बात गौर करने की है कि रणवीर अपने सोशल मीडिया हैंडलों से फिल्म के कलेक्शंस भी शेयर नहीं कर रहे हैं। उन्होंने धुरंधर के प्रमोशनल मैटिरियल को ही सोशल मीडिया में साझा किया है। रणवीर के इस संदेश को फिल्म की सफलता पर प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar Box Office Day 10: अद्भुत, अविश्वसनीय, अकल्पनीय… हिंदी सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा ‘दूसरा वीकेंड’

कोविड के बाद थम गया रणवीर का करियर
अगर, पिछले कुछ सालों में खासकर, कोविड महामारी के बाद उनका करियर जैसे थम-सा गया। 2023 में आई रॉकी और रानी की प्रेम कहानी ने ठीकठाक कलेक्शन किया था।
इसके अलावा 83, जयेशभाई जोरदार और सर्कस फ्लॉप रहीं। कबीर खान निर्देशित 83 उनके लिए बड़ा झटका थी, जिसमें उन्होंने कपिल देव का किरदार निभाया था। इसके बाद रोहित शेट्टी की सर्कस फ्लॉप रही, जिसने रणवीर के स्टारडम पर सवाल खड़े कर दिये।
धुरंधर ने रणवीर के करियर में नई जान फूंकी है। फिल्म को मिल रही सराहना और बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शंस ने उनके भरोसे को जिंदा किया है। साल की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी धुरंधर में रणवीर के सधे हुए अभिनय की तारीफ हो रही है।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ की ओर दौड़ रही है, जो इस हफ्ते मिल जाएगा। आदित्य धर निर्देशित फिल्म में उन्होंने स्पाइ का किरदार निभाया है, जो पाकिस्तान में रहकर वहां के गैंग में शामिल हो जाता है और फिर आतंकियों का सफाया करता है। रणवीर पहली बार पर्दे पर स्पाइ के किरदार में दिखे हैं।

