मुंबई। Welcome To The Jungle: 2026 में अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक वेलकम टू द जंगल (वेलकम 3) भी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त इसकी भारी-भरकम स्टार कास्ट के लिए चर्चा में रही है। फिल्म में इंडस्ट्री के कई जाने-माने कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
इसकी एक झलक अक्षय कुमार ने क्रिसमस के मौके पर सोशल मीडिया में साझा की।
अक्षय ने क्रिसमस की बधाई के साथ शेयर किया वीडियो
वीडियो में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट अपने किरदारों के गेटअप में नजर आ रही है। इसके साथ अक्षय ने लिखा- वेलकम टू द जंगल की विशाल स्टार कास्ट की ओर से आप सभी को मेरी क्रिसमस।
2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इतनी बड़े प्रोजेकट का मैं कभी हिस्सा नहीं रहा। हममें से कोई नहीं। हम अपना ये गिफ्ट आपको सौंपने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शूटिंग पूरी हो चुकी है। बहुत बढ़िया गैंग। इसे अंजाम तक पहुंचाने में हर किसी ने पूरा योगदान दिया है।
हमारे इस विशाल परिवार की ओर से आपके परिवार तक 2026 की बहुत शुभकामनाएं।
यह भी पढ़ें: 18 साल पुराने हिट गाने पर दिशा पाटनी के साथ झूमते अक्षय कुमार को याद आईं कटरीना कैफ, दिया ‘वेलकम 3’ का अपडेट
दो लुक में नजर आये अक्षय कुमार
इस वीडियो में अक्षय कुमार दो गेटअप में नजर आ रहे हैं। एक में वो बाकी स्टार कास्ट की तरह कमांटोज के गेटअप में हैं, जबकि दूसरे गेटअप में अक्षय उम्रदराज नजर आ रहे हैं। उनके सिर और दाढ़ी बेतरतीब पढ़े हुए हैं।
हालांकि, ड्रेस वही है, जो बाकी सबने पहनी हुई है। हाथ में कुल्हाड़ी है। पुनीत इस्सर उन्हें बंदूक देते हैं तो अक्षय कुल्हाड़ी फेंक देते हैं। अक्षय का यह लुक पहली बार सामने आया है और सस्पेंस बढ़ा रहा है।
वेलकम टू द जंगल का निर्देशन अहमद खान ने किया है। इसके निर्माता फिरोज ए नाडियाडवाला हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, लारा दत्ता, तुषार कपूर, आफताब शिवदसानी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिज, किरन कुमार, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, पुनीत इस्सर, अर्जुन प्रमुख किरदारों में दिखेंगे।
फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद अब इसकी रिलीज डेट का इंतजार है।

