Spirit First Poster: प्रभास के बदन पर जख्मों के निशान और पट्टियां, सिगरेट सुलगातीं तृप्ति डिमरी, जबरदस्त है स्पिरिट का पहला पोस्टर

Spirit first look out on new year. Photo- X

मुंबई। Spirit First Poster Out: एनिमल के बाद संदीप रेड्डी वांगा की अगली फिल्म स्पिरिट का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं और यह इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। प्रभास के साथ संदीप की यह पहली फिल्म है, इसलिए भी दर्शक फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।

प्रभास और तृप्ति की जोड़ी पोस्टर पर

नये साल की दस्तक के साथ ही स्पिरिट का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया। पोस्टर पर प्रभास और तृप्ति डिमरी को फीचर किया गया है। टॉपलेस प्रभास की पीठ पर जख्मों के निशान हैं और जगह-जगह पट्टियां लगी हुई हैं। उनके बाल लम्बे हैं। आंखों पर चश्मा है और सफेद पैंट पहने हुए हैं। उनके एक हाथ में गिलास है।

प्रभास के होठों के बीच सिगरेट दबी है, जिसे लाइटर से सुलगा रही हैं तृप्ति डिमरी, जो सेंसुअस दिख रही हैं। तृप्ति ने साड़ी पहनी हुई है, जिसका पल्लू कमर में खोंसा हुआ है। स्लीवलेस ब्लाउज पहने हुए तृप्ति की नजर लाइटर पर है।

फिल्म की रिलीज डेट अभी तय नहीं की गई है। पोस्टर पर वो सभी भाषाएं दी गई हैं, जिनमें यह रिलीज होगी। फिल्म तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, हिंदी और कुछ विदेशी भाषाओं में रिलीज होगी।

यह भी पढ़ें: Deepika Padukone in AA 22: बड़ी खबर! अल्लू अर्जुन के लिए दीपिका पादुकोण ने छोड़ी प्रभास की फिल्म? देखिए ये वीडियो

स्पिरिट कॉप ड्रामा है, जिसमें प्रभास पुलिस अधिकारी के रोल में हैं। मगर, वो सामान्य पुलिस अधिकारी नहीं है। उसका अपना अलग अंदाज है। संदीप ने इससे पहले स्पिरिट का ऑडियो टीजर रिलीज किया था, जिसमें प्रभास के किरदार के बारे में कुछ इशारा किया गया था।

टीजर में दिया गया था किरदार का इंट्रोडक्शन

उनके इंट्रोडक्शन में बताया जाता है कि वो एकेडमी टॉपर रहे हैं। इस पर प्रकाश राज की आवाज आती है कि यहां एल्फाबेट नहीं चलते, ओनली नम्बर्स। खाली तख्ती दो इसको। डिटेल्स लिखो। लेफ्ट राइट सेंटर, हर एंगल से फोटो निकालो।

इस पर आवाज आती है कि इसको, उसको क्या है सर। कुछ तो डेकोरम मेंटेन करके चलो। जवाब में प्रकाश राज कहते हैं- सुना है इसके बारे में। वर्दी पहने या नहीं, तेवर चढ़ाकर रखता है। कॉन्डक्ट इशू की वजह से एक बार टर्मिनेट भी हुआ है। देखते हैं, इस कैदी यूनिफॉर्म में कितनी गर्मी दिखाएगा।

आवाज आती है- कैदी यूनिफॉर्म क्या है सर। यह तो रिमांड पीरियड है। इस पर प्रकाश राज कहते हैं- शटअप। आइ गेट सिविलियन कॉस्ट्यूम्स इन माइ कम्पाउंड। इट हैज टू बी आइदर खाकीज और कैदीज। सारे कपड़े उतार दो और भेजो इसे मेडिकल टेस्ट के लिए।

कुछ कदमों की आवाज के बाद प्रभास की आवाज सुनाई देती है- मिस्टर सुपरिंटेंडेंट। बचपन से मेरी एक बुरी आदत है। प्रकाश राज चिल्लाते हैं- व्हाट। प्रभास फिर अंग्रेजी में दोहराते हैं- राइट फ्रॉम चाइल्डहुड,आइ हैब अ बैड हैबिट। इस मोड़ पर टीजर खत्म हो जाता है।

स्पिरिट का निर्माण भूषण कुमार और भद्रकाली पिक्चर्स ने किया है। फिल्म का लेखन और निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया है।