मुंबई। Bollywood Babies Names and Meaning: बॉलीवुड की चमक-दमक वाली दुनिया में 2025 एक ऐसा साल रहा, जब कई सेलिब्रिटी जोड़ों ने माता-पिता बनने की खुशी मनाई। पिछले एक साल में (जनवरी 2025 से जनवरी 2026 तक) कई सितारों के घर में किलकारियां गूंजीं और उन्होंने अपने बच्चों के अनोखे नाम चुने, जिनके पीछे गहरे अर्थ छिपे हैं।
ये नाम संस्कृति, प्रकृति और आध्यात्मिकता से प्रेरित हैं, जो इन सितारों की जिंदगी को और खास बनाते हैं।
राजकुमार राव और पत्रलेखा
राजकुमार राव और पत्रलेखा ने नवंबर 2025 में अपनी पहली संतान, एक बेटी का स्वागत किया। बच्ची का जन्म 15 नवंबर 2025 को हुआ, जो उनकी शादी की चौथी सालगिरह के साथ जुड़ा। उन्होंने अपनी बेटी का नाम पार्वती पॉल राव रखा है।
यह भी पढ़ें: Explainer: क्यों हो रही है संगीत सम्राट AR Rahman की मुस्लिम पहचान पर चर्चा? जानिए- इस विवाद से जुड़ा हर पहलू

नाम का अर्थ: पार्वती संस्कृत भाषा से लिया गया है, जिसका मतलब “पर्वत की बेटी” या “पहाड़ों की” होता है। यह हिंदू देवी पार्वती से जुड़ा है, जो प्रेम, शक्ति और उर्वरता की प्रतीक हैं। पार्वती, महादेव की पत्नी भी हैं। पॉल, पत्रलेखा का सरनेम है, जबकि राव राजकुमार का।
कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा
कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने जुलाई 2025 में अपनी बेटी का स्वागत किया। बच्ची का जन्म 15 जुलाई 2025 को हुआ और नाम सराया मल्होत्रा (Saraayah Malhotra) रखा गया।

नाम का अर्थ: सराया हिब्रू मूल का नाम है, जो “ईश्वर की राजकुमारी” का प्रतीक है। यह सारा नाम का एक रूपांतर है, जो राजकुमारी या पवित्रता को दर्शाता है। यह नाम गरिमा और दिव्यता का संदेश देता है।
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने अक्टूबर 2025 में अपने बेटे का स्वागत किया। बच्चे का जन्म 19 अक्टूबर 2025 को हुआ और नाम नीर रखा गया।

नाम का अर्थ: नीर हिंदी और संस्कृत में “जल” या “पानी” का मतलब रखता है, जो शुद्धता, जीवन और नए आरंभ का प्रतीक है। कुछ संदर्भों में यह हिब्रू से “प्रकाश” या “मोमबत्ती” भी अर्थ रखता है, लेकिन यहां पानी से जुड़ा अर्थ अधिक प्रासंगिक लगता है।
इलियाना डि’क्रूज और माइकल डोलन
इलियाना डि’क्रूज और उनके पति माइकल डोलन ने जून 2025 में अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया। बच्चे का जन्म 19 जून 2025 को हुआ और नाम किआनु राफे डोलन रखा गया। हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता का नाम किआनु रीव्स है।

नाम का अर्थ: किआनु हवाइयन मूल का है, जिसका मतलब “पहाड़ों पर ठंडी हवा” या “ठंडी हवा” होता है। राफे स्कैंडिनेवियन मूल से है, जो “बुद्धिमान भेड़िया” या “भगवान ने ठीक किया” का अर्थ रखता है। यह नाम प्रकृति और शक्ति का मिश्रण है।
कैटरीना कैफ और विक्की कौशल
कैटरीना कैफ और विक्की कौशल ने नवंबर 2025 में अपने बेटे का स्वागत किया। बच्चे का जन्म 7 नवंबर 2025 को हुआ और नाम विहान कौशल रखा गया। विक्की की पहली सबसे सफल फिल्म उरी- द सर्जिकल स्ट्राइक में उनके किरदार का नाम मेजर विहान सिंह शेरगिल था।

नाम का अर्थ: विहान संस्कृत से लिया गया है, जिसका मतलब “उषा” या “नई शुरुआत” होता है। यह आशा, सकारात्मकता और उजाले का प्रतीक है।
अथिया शेट्टी और केएल राहुल
अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल ने मार्च 2025 में अपनी बेटी का स्वागत किया। बच्ची का जन्म 24 मार्च 2025 को हुआ और नाम इवारा (Evaarah) विपुला राहुल रखा गया। विपुला, अथिया की नानी का नाम है।

नाम का अर्थ: इवारा संस्कृत शब्द है, जिसका मतलब “भगवान का उपहार” होता है। यह दिव्य आशीर्वाद और खुशी का प्रतीक है।
इशिता दत्ता और वत्सल शेठ
इशिता दत्ता और वत्सल शेठ ने जून 2025 में अपनी दूसरी संतान, एक बेटी का स्वागत किया। नाम वेदा रखा गया।

नाम का अर्थ: वेदा संस्कृत से है, जिसका मतलब “ज्ञान” या “बुद्धि” होता है। यह शिक्षा और आध्यात्मिक ज्ञान का प्रतीक है।

