Movies This Friday in Cinemas: गणतंत्र दिवस के लम्बे वीकेंड के लिए सिनेमाघरों में बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों की धूम, पढ़ें पूरी लिस्ट

Bollywood, South and Hollywood movies in cinemas this Friday. Photo- X

मुंबई। Movies This Friday in Cinemas: गणतंत्र दिवस सोमवार को मनाया जाएगा। ऐसे में जो फिल्में इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होंगी, उन्हें चार दिन लम्बा वीकेंड मिलेगा और इस बात को ध्यान में रखे हुए थिएटर्स में कुछ दिलचस्प फिल्में उतारी जा रही हैं। आइए, आपको इन फिल्मों के बारे में विस्तार से बताते हैं।

बॉर्डर 2 (BORDER 2)

बॉर्डर 2 साल 2026 की पहली मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्म है। 1997 में आई बॉर्डर की इस सीक्वल फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी प्रमुख किरदारों में हैं। फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। इसकी कहानी के केंद्र में 1971 में हुए भारत-पाक युद्ध के नायक हैं। देशभक्ति और कुर्बानी के जज्बे को समेटे फिल्म से गणतंत्र दिवस के मौके पर बड़े कारोबार की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: Movies in January in Cinemas: ‘इक्कीस’ के साथ होगा ’26’ का आगाज! जनवरी में आ रहीं बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड की ये फिल्में

चत्ता पच्चा- द रिंग राउड़ीज (CHATHA PACHA)

22 जनवरी को पैन इंडिया रिलीज हो रही कन्नड़ भाषा की फिल्म चत्ता पच्चा एक्शन कॉमेडी फिल्म है। फोर्ट कोची की पृष्ठभूमि में सेट फिल्म युवाओं के एक गैंग के बारे में है, जो रेस्लिंग के जरिए वक्त बदलने निकले हैं, मगर उनके रास्ते का रोड़ा हैं कुछ स्थानीय विरोधी गैंग।

मार्टी सुप्रीम (MARTY SUPREME)

जॉश सैफदी निर्देशित हॉलीवुड फिल्म मार्टी सुप्रीम में टिमोथी शैलेमे मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म के लिए टिमोथी ने बेस्ट एक्टर का गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीता है और यह ऑस्कर अवॉर्ड्स में प्रबल दावेदार के तौर पर देखी जा रही है। मूल रूप से स्पोर्ट कॉमेडी मार्टी सुप्रीम में 50 के दौर की पिंग पॉन्ग कल्चर को दिखाया गया है। कहानी के केंद्र में मार्टी माउजर है, जो उभरता हुआ चैम्पियन है।

प्राइमेट (PRIMATE)

हॉलीवुड की प्राइमेट हॉरर फिल्म है, जिसका निर्देशन जोहानेस रॉबर्ट्स ने किया है। इसकी कहानी एक परिवार पर केंद्रित है, जिनकी छुट्टियां उनके गोद लिए हुए चिम्पाजी बेन की दहशत के नाम हो जाी है। एक वायरस का शिकार होकर बेन हिंसक हो जाता है और अपने पालने वालों का दुश्मन बन जाता है।

द हिस्ट्री ऑफ साउंड (THE HISTORY OF SOUND)

ओलिवर हरमानस निर्देशित हॉलीवुड फिल्म में पॉल मेस्कल और जोश ओकॉनर ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। कहानी पहले विश्व युद्ध के कालखंड में सेट की गई है। दो पुरुष लोकगीतों को रिकॉर्ड करने के लिए ग्रामीण अमेरिका की यात्रा पर निकलते हैं और एक-दूसरे को दिल दे बैठते हैं। यह फिल्म मुख्य रूप से कलात्मक सिनेमा पसंद करने वालों के लिए है।

मर्सी (MERCY)

यह हॉलीवुड की साइ फाइ फ्यूचरिस्टिक थ्रिलर फिल्म है, जिसमें क्रिस प्रैट और रिबेका फरग्युसन मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसकी कहानी भविष्य में दिखाई गई है, जब एआई तकनीक ने दुनिया को अपने कब्जे में ले लिया है, जहां सब काम एआई के जरिए होता है। यहां तक कि किसी की जिंदगी का फैसला भी।

एक पुलिस डिटेक्टिव पर पत्नी के कत्ल का आरोप लगता है और खुद को साबित करने के लिए उसके पास सिर्फ 90 मिनट हैं। मगर, मुश्किल यह है कि उसे खुद को एक एआई जज के सामने निर्दोष साबित करना है, जिसके पास हर पल का डाटा मौजूद है।

इन नई फिल्मों के अलावा सिनेमाघरों में इस वक्त हैप्पी पटेल- खतरनाक जासूस, इक्कीस, द राजा साब और धुरंधर भी लगी हुई हैं। अगर, ये फिल्में अभी तक नहीं देखी हैं तो अब गणतंत्र दिवस के मौके पर देख सकते हैं।