Border 2 Box Office Day 7: आज 250 करोड़ का बॉर्डर क्रॉस कर लेंगे सनी देओल, बॉक्स ऑफिस पर ‘मर्दानी 3’ से होगी टक्कर

Border 2 box office collection 7 days. Photo- X

मुंबई। Border 2 Box Office Day 7: सनी देओल की फिल्म बॉर्डर 2 ने गुरुवार को रिलीज का पहला हफ्ता पूरा कर लिया। फिल्म ने ओपनिंग वीक में अपना दमखम दिखाते हुए बेहतरीन कारोबार किया और 250 करोड़ के पड़ाव से थोड़ा सा पीछे रह गई। पहले हफ्ते में बॉर्डर 2 को सबसे बड़ी जम्प गणतंत्र दिवस की छुट्टी पर मिली, जब फिल्म ने रिकॉर्डतोड़ कारोबार किया।

गुरुवार को रिलीज के सातवें दिन बॉर्डर 2 ने 13.14 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके बाद सात दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 244.97 करोड़ हो गया। फिल्म की गति सनी देओल की पिछली 500 करोड़ी फिल्म गदर 2 से कुछ कम रही।

2023 में आई गदर 2 ने पहले हफ्ते में लगभग 284 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। हालांकि, वरुण धवन और अहान शेट्टी के करियर का यह सबसे बड़ा कलेक्शन है।

पहले हफ्ते में कैसी रही बॉर्डर की चाल?

पहले हफ्ते में अगर बॉर्डर की प्रतिदिन रफ्तार पर गौर करें तो फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था। इसके बाद पहले सोमवार को गणतंत्र दिवस होने के कारण दर्शक टूट पड़े और फिल्म ने एक ही दिन में 63.59 करोड़ जुटा लिये, मगर इसके बाद बॉर्डर 2 की रफ्तार काफी घट गई।

फिल्म ने पहले मंगलवार को 23.31 करोड़ और बुधवार को 15.04 करोड़ जमा किये। प्रतिदिन कलेक्शंस का पैटर्न बता रहा है कि वर्किंग डेज में बॉर्डर 2 लगातार गिरी है। इस लिहाज से फिल्म का 500 करोड़ तक पहुंचना मुश्किल लग रहा है।

यह भी पढ़ें: Sequel Movies: ‘बॉर्डर 2’ के बाद आने वाली हैं 9 फ्रेंचाइजी और सीक्वल फिल्में, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘धमाल 4’ की रिलीज डेट कन्फर्म

WEEK 1 (23-29 जनवरी)

  • Day 1 (शुक्रवार): ₹32.10 करोड़
  • Day 2 (शनिवार): ₹ 40.59 करोड़
  • Day 3 (रविवार): ₹57.20 करोड़

ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन: ₹129.89 करोड़

  • Day 4 (सोमवार): ₹63.59 करोड़ (गणतंत्र दिवस)
  • Day 5 (मंगलवार): ₹23.31 करोड़
  • Day 6 (बुधवार): ₹15.04 करोड़
  • Day 7 (गुरुवार): ₹13.14 करोड़

क्या मर्दानी 3 रोकेगी रास्ता?

हालांकि, काफी कुछ मर्दानी 3 की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस पर निर्भर करेगा, जो आज (30 जनवरी) को सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। मर्दानी 3, रानी मुखर्जी अभिनीत फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इस फ्रेंचाइजी की पहली दोनों फिल्में सफल रही हैं। मर्दानी फ्रेंचाइजी महिलाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने वाली एक्शन थ्रिलर है।

फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म चौराहों पर भीख मंगवाने वाले एक गिरोह की क्रूरता, अत्याचार और अपराध को दिखाती है।

अगर, मर्दानी 3 ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती रफ्तार पकड़ ली तो फिर गदर 2 के लिए मुश्किल हो सकती है। यहां यह बात भी उल्लेखनीय है कि यशराज फिल्म्स ने मर्दानी 3 के सीमित शोज रिलीज किये हैं। यहे फैक्टर बॉर्डर 2 की सफलता को प्रभावित करता है। अगर, मर्दानी 3 दर्शकों को खींचने में असफल रही तो बॉर्डर 2 लम्बा खेल खेलेगी।