Hui Gumm Yaadein- Ek Doctor, Do Zindagiyaan: सोनी सब पर आ रहा नया मेडिकल ड्रामा, एकता कौल निभा रहीं यह किरदार

Ektaa Kaull plays Srishti in Hui Gumm Yaadein. Photo- Sony Sab PR

मुंबई। Hui Gumm Yaadein- Ek Doctor, Do Zindagiyaan: सोनी सब चैनल पर जल्द मेडिकल ड्रामा हुई गुम यादें- एक डॉक्टर, जो जिंदगियां आ रहा है। इस शो में इकबाल खान और एकता कौल मुख्य भूमिकाओं में हैं। हुई गुम यादें इटैलियन शो डॉक का आधिकारिक रीमेक है, जो पहले भी कई भाषाओं में बन चुका है।

यह शो मुख्य रूप से जीवन, प्यार और पहचान में दूसरे मौके की अवधारणा पर आधारित है। कहानी के केंद्र में डॉ. देव है, जो एक बेहद काबिल डॉक्टर है, मगर एक खतरनाक हादसे में आठ सालों तक अपनी यादाश्त खोने के बाद अपनी जिंदगी फिर से बनाने में जुटा है।

सृष्टि के किरदार में एकता कौल

शो में एकता कौल डॉ. देव की पूर्व पत्नी सृष्टि के रोल में हैं, जो एक मजबूत और बेहद समझदार महिला है। सृष्टि खुद डॉक्टर है और एक जमाने में प्रैक्टिस करती थी, मगर बच्चों की परवरिश के लिए उसने डॉ. देव के अस्पताल में प्रशासनिक काम करना चुना।

अपने किरदार के लिए प्रेरणा के बारे में बात करते हुए एकता ने बताया कि यह किरदार उनकी निजी जिंदगी से मिलता है। एकता ने भी अपने बेटे वेद को वक्त देने के लिए अपने अभिनय करियर से ब्रेक लिया था। बता दें, एकता चर्चित अभिनेता सुमीत व्यास की पत्नी हैं।

यह भी पढ़ें: Wheel Of Fortune India Telecast Date: अक्षय कुमार की छोटे पर्दे पर इस दिन होगी वापसी, 12 साल बाद होस्ट करे रहे टीवी शो

बेटे के लिए करियर से लिया था ब्रेक

एकता ने अपने किरदार की यात्रा को लेकर कहा- इस किरदार की बहुत सारी प्रेरणा मेरी निजी जिंदगी से आती है। 2023 में अपना सारा काम निपटाने के बाद, मैंने सोच-विचार कर अपने बेटे वेद के साथ समय बिताने के लिए अपने कदम पीछे खींच लिए। मैं उस जीवन को आनंद लेना चाहती थी, जिसकी रफ्तार धीमी है और जिसमें मानसिक शांति है।

हर दिन अपनी जिम्मेदारियां उठाना और बस उसके इर्द-गिर्द रहने भर ने मुझे शांति और तृप्ति की गहरी भावना दी। यह सेट पर मौजूद रहने से बिल्कुल अलग अनुभव था, मगर फलदायक था। मैंने उसी भावना को सृष्टि के किरदार में उतारा है, जो अपनी नई पहचान के साथ आगे बढ़ रही है और नये मौकों में मायने ढूंढ रही है।

उस भावनात्मक संतुलन ने मुझे किरदार को समझने और बेहतर ढंग से निभाने में मदद की, जिससे परफॉर्मेंस में गहराई आ सकी।