Golmaal 5 Akshay Kumar: अजय देवगन की कॉमेडी फ्रेंचाइजी में हुई अक्षय कुमार की एंट्री, निभाएंगे यह मजेदार किरदार

Akshay Kumar joins Golmaal 5 cast. Photo- X

मुंबई। Golmaal 5 Akshay Kumar: सिंघम अगेन के बाद अक्षय कुमार और अजय देवगन एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने आ रहे हैं, मगर इस बार एक्शन नहीं कॉमेडी होगी। मनोरंजन इंडस्ट्री में सोमवार को यह खबर जंगल में आग की तरह फैल रही है कि अक्षय कुमार ने अजय की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी गोलमाल की पांचवीं फिल्म की स्टारकास्ट को ज्वाइन कर लिया है।

यह खबर फैलते ही सोशल मीडिया में दोनों कलाकारों के फैंस जश्न मना रहे हैं, मगर इससे भी ज्यादा मजेदार खुलासा है- गोलमाल 5 में अक्षय का किरदार।

खलनायक बने खिलाड़ी

वैरायटी मैगजीन की खबर के मुताबिक, अक्षय गोलमाल 5 में विलेन का किरदार निभाने वाले हैं, जबकि अजय देवगन के साथ उनकी पूरी पलटन पांचवें भाग में लौटेगी। रिपोर्ट के अनुसार, गोलमाल 5 बड़े स्केल पर बनाई जाएगी और फिल्म का कैनवास भी बड़ा होगा। आखिर दो सुपरस्टारों को एक फ्रेम में एडजस्ट जो करना है।

बाकी कलाकारों में अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, मुकेश तिवारी और अश्विनी कलसेकर अपने-अपने किरदारों में वापसी करेंगे। शरमन जोशी की भी वापसी हो सकती है। हालांकि, करीना कपूर की कास्टिंग की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: King Release Date: किंग के साथ खत्म होगा 2026 का सफर, टीजर के साथ शाह रुख खान ने किया रिलीज डेट का एलान

अगले साल रिलीज होगी फिल्म

शूटिंग इस महीने के अंत तक मुंबई के फिल्मसिटी में शुरू होगी और फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज की तैयारी करेगी। फिल्म का निर्देशन रोहित शेट्टी करेंगे, जो फिलहाल जॉन अब्राहम के साथ राकेश मारिया की बायोपिक पूरी कर रहे हैं। अजय दृश्यम 3 का पूरा करने में जुटे हैं। वहीं, अक्षय हैवान और वेलकम टू द जंगल में दिखेंगे। हैवान में भी उनका किरदार नेगेटिव है। इस फिल्म में सैफ अली खान उनके साथ हैं।

2006 में शुरू हुई थी फ्रेंचाइजी

गोलमाल फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2006 में हुई थी। इसके बाद 2008 में गोलमाल रिटर्न्स, 2010 में गोलमाल 3 और 2017 में गोलमाल अगेन आईं। ये सभी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बेहद कामयाब रही थीं। अजय के साथ अरशद, तुषार कपूर और मुकेश तिवारी हर फिल्म का हिस्सा रहे हैं।