मुंबई। Rohit Shetty Statement on Golmaal 5: रोहित शेट्टी पिछले कुछ दिनों से अपनी अगली फिल्म गोलमाल 5 के कारण चर्चा में हैं। इस फिल्म को लेकर तरह-तरह की खबरें आ रही हैं, जिनमें से कुछ सही तो कुछ गलत हैं। इन खबरों से आजिज आकर अब रोहित ने एक स्टेटमेंट जारी करके कहा है कि पुष्टि किये बिना कोई खबर देने वाले मीडिया संस्थानों पर वो कानूनी कार्रवाई करेंगे।
दो और दो पांच से प्रेरित है गोलमाल 5?
यह स्टेंटमेंट रोहित की निर्माण कम्पनी रोहित शेट्टी पिक्चर्ज की ओर से जारी किया गया है, जबकि उनकी पीआर एजेंसी ने इसे साझा किया है, जिसमें गोलमाल 5 को दो और दो पांच से प्रेरित होने की खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है।
स्टेटमेंट में कहा गया है- हम कुछ खबरों को लेकर हम एक सख्त स्पष्टीकरण जारी करना चाहते हैं, जो ऑनलाइन और डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चलाई जा रही हैं। इनमें दावा किया जा रहा है कि गोलमाल 5 दो औऱ दो पांच से प्रेरित या इस पर आधारित फिल्म है।
यह भी पढ़ें: Golmaal 5 Akshay Kumar: अजय देवगन की कॉमेडी फ्रेंचाइजी में हुई अक्षय कुमार की एंट्री, निभाएंगे यह मजेदार किरदार

हमारा स्पष्ट रूप से इन खबरों के बारे में कहना है कि ये तथ्यात्मक रूप से गलत, भ्रामक और पूरी तरह असत्य हैं। हम सभी मीडिया संस्थानों, पोर्टल्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से यह गुजारिश करते हैं कि अपुष्ट सूचनाओं को छापने और फैलाने से दूर रहें।
अपुष्ट खबरों पर लीगल एक्शन
रोहित शेट्टी या गोलमाल 5 से जुड़ी किसी भी खबर, अपडेट या सफाई को छापने से पहले इसकी पुष्टि हमसे या हमारे पीआर प्रतिनिधियों से कर ली जाए, नहीं तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पत्रकारीय सटीकता और जिम्मेदारी बनाये रखने के लिए हमें आपकी मदद चाहिए। हम यह भी अपेक्षा करते हैं कि गलत खबरों को या तो जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए या फिर उन्हें हटा लिया जाए।
बता दें, हाल ही में वैरायटी इंडिया वेबसाइट ने खबर दी थी कि रोहित की गोलमाल 5 में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार लीड रोल में नजर आएंगे। इसके बाद खबर आई थी कि गोलमाल 5 का प्लॉट दो और दो पांच फिल्म से प्रेरित होगा। अक्षय की कास्टिंग वाली खबर पर रोहित शेट्टी पिक्चर्ज की ओर से कोई कमेंट नहीं किया गया है। अलबत्ता, दो और दो पांच वाली खबर का खंडन किया है।

