मुंबई। Lahore 1947 Release Date: बॉर्डर 2 के बाद इस साल सनी देओल की अगली रिलीज लाहौर 1947 होगी, जिसका निर्माण आमिर खान ने किया है। सोमवार को आमिर खान प्रोडक्शंस ने फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी, जिसके बाद यह कन्फर्म हो गया है कि सनी अगस्त में बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे।
कब रिलीज होगी लाहौर 1947?
लाहौर 1947 असगर वजाहत के बेहद चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या, ओ जमया ई नई’ पर आधारित है। यह एक ऐसी पंजाबी हिंदू महिला की कहानी है, जो पार्टिशन के बाद लाहौर में छूट जाती है और बाद में लाहौर छोड़ने से मना कर देती है।
आमिर खान प्रोडक्शंस की ओर से सारी स्टेटमेंट के अनुसार, फिल्म स्वतंत्रता दिवस वीकेंड में 13 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म के जरिए सनी, आमिर और राजकुमार संतोषी पहली बार एक साथ आये हैं।
यह भी पढ़ें: Most Awaited Bollywood Films in 2026: इन 12 फिल्मों पर रहेगी नजर, बॉक्स ऑफिस पर लिख सकती हैं नया इतिहास!

फिल्म की स्टार कास्ट
लाहौर 1947 एक पीरियड फिल्म है, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। यह साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। फिल्म के अन्य सितारों में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, सनी के बेटे करण देओल, अभिमन्यु सिंह और अली फजल शामिल हैं।
संवाद लेखन संतोषी और असगर वजाहत ने किया है। संतोष सिवान की सिनेमैटोग्राफी है, जबति श्याम सलगांवकर ने सम्पादन किया है। रेसुल पुकुट्टी ने साउंड डिजाइन किया है। प्रोडक्शन डिजाइन सुब्रतो चक्रवर्ती और अमित रे का है। फिल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया है। जावेद अख्तर ने गीत लिखे हैं।
संतोषी के साथ सनी ने घायल और घातक जैसी हिट फिल्में दी हैं, वहीं आमिर के साथ संतोषी ने कॉमेडी फिल्म अंदाज अपना अपना बनाई थी, जो आज कल्ट समझी जाती है।
क्या गदर 2 का इतिहास दोहराएगी फिल्म?
सनी देओल की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म गदर 2 भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 11 अगस्त को रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के रिकॉर्ड बनाये। ऐसे में लाहौर 1947 का उसी वक्त पर रिलीज होने से फैंस भी उत्साहित हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि यह फिल्म गदर 2 के इतिहास को दोहरा सकती है।

