मुंबई। O’Romeo Box Office Day 1: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की फिल्म ओ रोमियो ने बॉक्स ऑफिस पर ठीक वैसी ही शुरुआत की है, जैसी फिल्म से अपेक्षा की जा रही थी। ओ रोमियो बॉर्डर 2 की तरह इवेंट फिल्म नहीं है, जिससे किसी बड़े कलेक्शन की उम्मीद हो।
फिल्म के जॉनर और शाहिद की बॉक्स ऑफिस स्टैंडिंग के नजरिए से यह शुरुआत ठीकठाक कही जाएगी। हालांकि, फिल्म को बड़े कलेक्शन के लिए इस वीकेंड टिककर खेलना होगा।
2020 के बाद शाहिद की सबसे बड़ी ओपनिंग
13 फरवरी को रिलीज हुई ओ रोमिया ने पहले दिन 9.01 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। अगर, पोस्ट कोविड एरा की बात करें तो शाहिद की यह सबसे बड़ी ओपनिंग है। 2020 के बाद ओ रोमियो से पहले शाहिद की तीन फिल्में आईं- 2022 में जर्सी, 2024 में तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया और 2025 में देवा।
ये तीनों ही फिल्में अलग जॉनर की थीं। जर्सी स्पोर्ट्स ड्रामा थी तो तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया साइ फाइ रोमांटिक ड्रामा और देवा एक्शन थ्रिलर। जर्सी ने पहले दिन 2.93 करोड़, तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया ने 7.02 करोड़ और देवा ने 5.78 करोड़ का कलेक्शन पहले दिन किया था।
यह भी पढ़ें: इस शुक्रवार थिएटर्स में तूफान: मगरमच्छ, गैंगवार और जुनूनी मोहब्बत से भरी ये फिल्में करेंगी बॉक्स ऑफिस पर धमाका
साल 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर
अब साल 2026 में रिलीज हुई चर्चित फिल्मों से तुलना करें तो ओ रोमियो ने इक्कीस और मर्दानी 3 से बेहतर ओपनिंग ली है। इक्कीस को पहले दिन 6.50 करोड़ मिले थे, जबकि मर्दानी 3 ने 4 करोड़ के साथ खाता खोला था।
इस साल अब तक रिलीज हुई फिल्मों में सिर्फ बॉर्डर 2, ओ रोमियो से आगे है, जिसने 32.10 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था। मगर, बॉर्डर 2 एक बहुप्रतीक्षित और इवेंट फिल्म थी। हाइप और जनर की लोकप्रियता के लिहाज से बॉर्डर 2 और ओ रोमियो के बीच कोई तुलना नहीं है।
शाहिद कपूर की टॉप 5 ओपनिंग्स
मौजूदा परिस्थितियों में ओ रोमियो की ओपनिंग भले ही ठीकठाक लगे, मगर शाहिद कपूर ने अपने करियर में इससे बेहतर ओपनिंग्स दी हैं। ओ रोमियो उनकी पांचवीं सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग है। शाहिद के करियर की टॉप 5 ओपनिंग लेने वाली फिल्में इस प्रकार हैं-
- कबीर सिंह (2019)- 20.21 करोड़ (ब्लॉकबस्टर)
- शानदार (2015)- 13.10 करोड़ (फ्लॉप)
- आर… राजकुमार (2-13)- 10.20 करोड़ (औसत)
- उड़ता पंजाब (2016)- 10.05 करोड़ (औसत)
- ओ रोमियो (2026)- 9.01 करोड़
विशाल-शाहिद की बेस्ट ओपनिंग
विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर ने एक साथ चार फिल्मों में काम किया है। इन सभी फिल्मों में शाहिद के काम की तारीफ हुई, मगर बॉक्स ऑफिस के लिहाज से इन्हें ज्यादा सफलता नहीं मिली। ओ रोमियो , विशाल-शाहिद की जोड़ी की सबसे बड़ी ओपनिंग है।
- कमीने (2009)- 4.39 करोड़
- हैदर (2014)- 6.14 करोड़
- रंगून (2017)- 5.05 करोड़
- ओ रोमियो (2026)- 9.01 करोड़
फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है। फिल्म में शाहिद पहली बार तृप्ति के साथ नजर आये हैं। अन्य कलाकारों में नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, अविनाश तिवारी, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया और दिशा पाटनी शामिल हैं।

