Rajpal Yadav Released: चेक बाउंस केस में 12 दिनों बाद तिहाड़ से रिहा हुए राजपाल यादव, बाहर आकर बोले- थैंक्यू हाई कोर्ट

Rajpal Yadav released from Tihar Jail. Photo- X

मुंबई। Rajpal Yadav Released: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव आखिरकार 12 दिनों बाद दिल्ली की तिहाड़ जेल से बाहर आ गये। दिल्ली हाई कोर्ट के सजा निलम्बित करने के बाद मंगलवार को राजपाल को जेल से रिहा कर दिया गया। जेल के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान राजपाल ने दिल्ली हाई कोर्ट का शुक्रिया अदा किया।

‘हाई कोर्ट जहां कहेगा, वहां हाजिर हो जाऊंगा’

राजपाल ने कहा कि अगर कोई लीगल जानकारी लेनी हो तो हमारे वकील भास्कर उपाध्याय से ले सकते हैं। मैं यह कहना चाहता हूं कि 2027 में मुझे बॉलीवुड में 30 साल हो जाएंगे। देश और दुनिया का बच्चा-बच्चा मेरे साथ रहा। तभी तो मैं 200-250 फिल्में कर पाया।

यह किस्सा 2012 में शुरू हुआ था। 2026 तक 250 फिल्में कर चुका हूं। भारतीय सिनेमा का बच्चा, बूढ़ा, नौजवान मेरे कलेजे का टुकड़ा है। पूरे देश की जनता मेरे साथ है। पिछले 10 साल में माननीय हाई कोर्ट ने जहां-जहां आदेश दिये हैं, मैं हाजिर मिला हूं। आगे भी जहां-जहां देश होंगे, बिल्कुल में हाजिर मिलूंगा। थैंक्यू हाई कोर्ट। आपने मुझे सुनने का मौका दिया है।

यह भी पढ़ें: राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम राहत: सजा 18 मार्च तक निलम्बित, 1.5 करोड़ जमा करने पर जेल से रिहाई का आदेश

5 फरवरी को गये थे जेल

चेक बाउंस मामले में अदालत ने राजपाल यादव को छह महीने की सजा सुनाई थी, जिसके बाद अभिनेता 5 फरवरी से तिहाड़ जेल में बंद थे। मंगलवार को राजपाल की ओर से शिकायतकर्ताओं को कुछ रकम दी गई थी, जिसके बाद दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी सजा 18 फरवरी तक फिलहाल निलम्बित कर दी है।

18 फरवरी को अगर राजपाल शिकायतकर्ताओं को बकाया चुकाकर समझौता कर लेते हैं तो उन्हें फिर जेल नहीं जाना पड़ेगा। राजपाल की भतीजी की 19 फरवरी को होने वाली शादी में शामिल होने के अनुरोध को भी उच्च न्यायालय ने कंसीडर किया।

मामला 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का लोन दिल्ली की एक कम्पनी से लिया था। फिल्म फ्लॉप होने के बाद चेक बाउंस हो गए और कुल बकाया (ब्याज सहित) करीब 9 करोड़ रुपये पहुंच गया। 2018 में दोष सिद्ध हुआ, जिसे सेशन कोर्ट ने बरकरार रखा। हाईकोर्ट में अपील लम्बित है।