India AI Impact Summit 2026: ट्रोलिंग के बाद शेखर कपूर ने साझा की नई तस्वीर, दिखाया युवाओं से भरे ऑडिटोरियम का नजारा

Shekhar Kapur at India AI Impact Summit 2026. Photo- X

मुंबई। India AI Impact Summit 2026: दिल्ली में केंद्र सरकार की ओर से आयोजित इंडिया एआइ इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस समिट को लेकर वेटरन फिल्ममेकर शेखर कपूर ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट लिखी थी, जिसमें उन्होंने समिट को लेकर युवाओं के उत्साह को रेखांकित किया था।

समिट में अव्यवस्थाओं की खबरों के बीच इस पोस्ट को लेकर शेखर की ट्रोलिंग शुरू हो गई और कम्युनिटी नोट्स भी लिखे गये। समिट में शेखर भी शामिल हुए और शाम को फिल्ममेकर ने समिट से एक फोटो शेयर की, जिसमें युवाओं की भीड़ दिखाई।

दूसरे दिन समिट में पहुंचे शेखर कपूर

शेखर ने एक्स पर तस्वीर शेयर करके लिखा- इंडिया एआइ इम्पैक्ट समिट में एआइ के बारे में सुनने और सीखने को उत्सुक युवाओं से ऑडिटोरियम भर गया। जोश और जज्बे देखकर मैं संतुष्ट हो गया कि भारत एआइ की दिशा में सुपरपॉवर बनने जा रहा है।

लेकिन, हमें भारतीय दृष्टिकोण से एआइ की ओर देखना होगा। जिस तरह हमने डिजिटल दुनिया को भारतीय दृष्टिकोण से देखा। पश्चिमी मॉडल यहां काम नहीं करते। भारत में एआइ का उदय पिरामिड का आधार होगा। कहां इसकी सबसे अधिक जरूरत है… और कहां जरूरत से जुड़ी सोच मौजूद है।

यह भी पढ़ें: Salim Khan Hospitalised: वेटरन स्क्रीन राइटर सलीम खान लीलावती में भर्ती, अस्पताल की ओर दौड़े परिवार के सभी सदस्य

शेखर की पोस्ट पर लोगों ने उठाये सवाल

इससे पहले दिन में शेखर ने पोस्ट करके लिखा था- एआइ इम्पैक्ट समिट पर बेहिसाब लोग मौजूद हैं। मैं यहां दूसरे दिन आया हूं। आज कोई बदइंतजामी नहीं है। 4 लाख पंजीकरण… बेहतरीन ढंग से सुव्यवस्थित… डेढ़ लाख नौजवान अब तक मौजूद रहे हैं… औसत उम्र 30 से कम.. इतने सारे नौजवानों से मिल रहा हूं… एआइ के भविष्य को लेकर, अपने भविष्य को लेकर, और एआइ के समय में भारत के भविष्य को लेकर उत्साहित हैं।

शेखर के यह पोस्ट लिखते ही उनकी ट्रोलिंग शुरू हो गई। कम्युनिटी नोट्स में उनकी पोस्ट को पहले दिन की बदइंतजामी को ढकने के लिए पेड बताया जाने लगा। शेखर ने रजिस्ट्रेशन के जो आंकड़े दिये, उन पर भी सवाल उठे।

कई अन्य एक्स यूजर्स ने शेखर की पोस्ट को कठघरे में खड़ा किया था। एक यूजर ने महाकुम्भ से इसकी तुलना करते हुए लिखा कि इस आयोजन में उसके मुकाबले काफी कम लोग थे, फिर इतनी बदइंतजामी कैसे हुई।

बता दें, इंडिया एआइ इम्पैक्ट समिट 2026 एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें कई देशों के प्रतिनिधि और टेक कम्पनियों के सीइओ शामिल हुए हैं। पिछले साल पेरिस में हुई एआइ एक्शन समिट के फॉलोअप के रूप में इसे देखा जा रहा है। 16 फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक इसका आयोजन किया गया है।