Jai Hanuman: जय श्री राम के जयकारों के बीच सम्पन्न हुआ ‘जय हनुमान’ का मुहूर्त ऋषभ शेट्टी निभा रहे बजरंगबली का किरदार

Jai Hanuman shoot begins. Photo- X

मुंबई। Rishab Shetty Begins Jai Hanuman Shoot: कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने कांतारा फिल्म फ्रेंचाइजी के जरिए पूरे देश में अपनी काबिलियत ना केवल साबित की, बल्कि लोगों को सिनेमा का बेजोड़ अनुभव दिया है। इन फिल्मों का निर्देशन भी ऋषभ ने ही किया है। कांतारा के बाद ऋषभ अब एक और माइथोलॉजिकल फिल्म की यात्रा पर निकल पड़े हैं।

रविवार को हुआ फिल्म का मुहूर्त

इस फिल्म का नाम जय हनुमान है, जिसमें वो शीर्षक भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग शुरू होने जा रही है। रविवार को जय हनुमान का मुहूर्त कर्नाटक राज्य में स्थित हम्पी के निकट हनुमान जी के जन्म-स्थल माने जाने वाले अंजनाद्रि बेट्टा में पूरे विधि-विधान से मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पूजा सम्पन्न होने के बाद सभी ने जय श्री राम का जयकारा भी लगाया।

यह भी पढ़ें: Toxic Teaser Out: एक्शन और स्टाइल से सजा ‘टॉक्सिक’ का टीजर आउट, क्या उड़ेगी ‘धुरंधर 2’ के मेकर्स की नींद?

हनुमान जी का किरदार निभाना जिम्मेदारी

यह ऐसा किरदार है, जिसे भारतीय सिनेमा के कई दिग्गज कलाकार समय-समय पर निभाते रहे हैं। इसी साल रिलीज हो रही नितेश तिवारी में सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। अब ऋषभ की बारी है। पूजा की तस्वीरें साझा करके ऋषभ ने लिखा- भगवान हनुमान के दैवीय जन्म-स्थल अंजनाद्रि बेट्टा में जय हनुमान की पवित्र यात्रा का आरम्भ कर रहा हूं। मेरा ह्रदय कृतज्ञता और जिम्मेदारी से भरा है।

जय हनुमान फिल्म का निर्देशन प्रशांत वर्मा कर रहे हैं, जिन्होंने हनुमैन (Hanu-Man) निर्देशित की थी। फिल्म के निर्माता माइथ्री मूवी मेकर्स हैं, जबकि भूषण कुमार सह निर्माता हैं। इस मौके पर हनुमैन में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता तेजा सज्जा भी मौजूद रहे।

2024 में की गई थी फिल्म की घोषणा

जय हनुमान पैन इंडिया फिल्म है, जो दक्षिण भारतीय भाषाओं के साथ हिंदी में भी रिलीज होगी। इस फिल्म की घोषणा 2024 में की गई थी। दिवाली के मौके पर ऋषभ ने फिल्म से अपना फर्स्ट लुक भी साझा किया था।