Iran Israel War: दुबई एयरपोर्ट पर फंसी ‘जन्नत’ फेम एक्ट्रेस सोनल चौहान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांगी मदद

Sonal Chauhan stranded at Dubai airport. Photo- Instagram

मुंबई। Iran Israel War: इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण बंद हुए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई देशों के नागरिक फंस गये हैं। इनमें बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनल चौहान भी शामिल हैं। सोनल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय से मदद की गुहार लगाई है।

सोनल ने मांगी पीएम मोदी से मदद

दुबई एयरपोर्ट को दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा माना जाता है, जहां से कई देशों की सीधी और कनेक्टिंग फ्लाइट्स उड़ान भरती हैं। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के मिसाइल अटैक के कारण आसपास के एयरस्पेस बाधित होने के बाद दुबई ने शनिवार को अचानक एयरपोर्ट को बंद करने की घोषणा की, जिससे तमाम यात्री फंस गये हैं।

सोनल ने एक्स और इंस्टाग्राम स्टोरी में पोस्ट लिखकर अपनी व्यथा व्यक्त की और मदद मांगी। एक्ट्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए पोस्ट लिखी- आदरणीय पीएम नरेंद्र मोदी जी, मौजूद संकट के चलते फ्लाइट रद होने और कोई साफ रास्ता ना होने के कारण मैं फिलहाल दुबई में फंस हुई हूं।

ससम्मान मैं घर वापसी के लिए सरकार से दिशा-निर्देश चाहती हूं। किसी भी मदद के लिए आभारी रहूंगी। सोनल ने अपनी पोस्ट में विदेश मंत्रालय को टैग किया है। सोनल ने यह पोस्ट 10 बजकर 24 मिनट पर लिखी थी।

यह भी पढ़ें: कौन है Spirit के पोस्टर पर मौजूद यह मिस्ट्री गर्ल, जिसकी झलक ने मचा दिया तहलका? नाम बताने में xAI मॉडल Grok भी हुआ फेल

मिर्जापुर मूवी में आएंगी नजर

सोनल चौहान ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत 2008 में आई फिल्म जन्नत से की थी, जिसमें इमरान हाशमी लीड रोल में थे। 2023 में आई आदिपुरुष में सोनल ने रावण की पत्नी मंदोदरी का किरदार निभाया था। 2024 में सोनम ने बांग्लादेशी फिल्म दर्द में काम किया था। यह फिल्म बंगाली और हिंदी में रिलीज हुई थी। सोनल अब मिर्जापुर वेब सीरीज पर बन रही फिल्म मिरजापुर- द मूवी में नजर आएंगी।