मुंबई। Holi 2026 Bollywood Wishes: हिंदू कैलेंडर के हिसाब से फागुन के महीन में आने वाला होली का त्योहार एक अलग ही रौनक लेकर आता है। देश में रंगो के इस पर्व की धूम पिछले कई दिनों से चल रही है। 3 मार्च को होली दहन के बाद 4 मार्च को रंगोत्सव मनाया जाएगा, जब गांव की पगडंडियों से लेकर कस्बों की गलियों और महानगरों की सड़कों तक रंगों से सराबोर होंगी।
सितारों ने होली की शुभकामनाएं
हालांकि, मुंबई में 3 मार्च को ही होली का सेलिब्रेशन शुरू हो गया है और सितारें हर्ष और उल्लास के रंगों में डूबे नजर आए। मुंबई से सितारों के रंग खेलने की तस्वीरें आने लगी हैं। साथ ही, सोशल मीडिया में भी होली के त्योहार की बधाई और शुभकामनाएं देने का सिलसिला शुरू हो गया है।
अमिताभ बच्चन ने अपनी फिल्म के लोकप्रिय होली गीत के साथ फैंस को होली की बधाई दी। बिग बी ने लिखा- होली की अनेक बधाई और शुभकामनाएं। होरी खेलें रघु बीरा अवध में, होरी खेलें रघु बीरा।

अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत भंगला अगले महीने सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अक्षय ने फिल्म की थीम से मैच करता हुआ एक फनी वीडियो पोस्ट करके होली की बधाई दी। उन्होंने लिखा- इस होली, डर और नफरत का भूत भगाइए। खुशियों और अपनों से साथ जीवन को रंगीन बनाइए। आपको और आपके परिवार को होली की शुभकामनाएं।
प्रियंका चोपड़ा ने मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्धोन्माद के बीच होलिका दहन के जरिए होली के पर्व को याद किया। द ब्लफ एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- दुनिया में बहुत कुछ चल रहा है। मुश्किलें हैं। दुखद है, लेकिन रोशनी हमें रास्ता दिखाने आती है। बुराई पर अच्छाई की विजय के लिए। होलिका दहन।

सलमान खान के पिता सलीम खान अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत में सुधार है, मगर नाजुक है। सलमान ने अपने निजी एकाउंट से होली विश नहीं की है, मगर उनकी कम्पनी सलमान खान फिल्म्स के एकाउंट से होली की मुबारकबाद दी गई है।
वेटरन एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने एक्स के जरिए होली के त्योहार की बधाई दी। पिछले साल 24 नवम्बर को धर्मेंद्र का निधन हो गया था। लिहाजा, देओल परिवार धूमधाम से होली सेलिब्रेट नहीं कर रहा।
अदनान सामी ने अमिताभ बच्चन के साथ अपनी पुरानी होली की तस्वीर साझा करके बधाई दी।
सुनील शेट्टी ने भी फैंस और फॉलोअर्स को होली के त्योहार की शुभकामनाएं भेजीं। सुनील ने लिखा- होली का पर्व मुझे जीवन की याद दिलाता है, जो रंगों की तरह बांटा जाए तो सबसे अच्छा बीतता है।
बॉलीवुड में होली का जश्न
सोहा अली खान, कुणाल खेमू, रणबीर कपूर, नेहा धूपिया होली के रंगों में रंगे नजर आये। सोहा और कुणाल अपने परिवार और दोस्तों के साथ होली की मस्ती करते दिखे तो रणबीर ने बेटी संग होली की खुशियां बांटीं।

