Dhurandhar The Revenge Trailer: हिंदुस्तान लिखेगा पाकिस्तान का मुस्तकबिल, आ गया साल का मोस्ट अवेटेड ट्रेलर

Dhurandhar The Revenge trailer out. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar The Revenge Trailer: आदित्य धर निर्मित निर्देशित धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म की रिलीज से 12 दिन पहले शनिवार को इसका बहु प्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज किया गया है, जिसमें भारी-भरकम संवादों के साथ जबरदस्त एक्शन दृश्यों का तड़का लगा हुआ है।

धुरंधर पिछले साल दिसम्बर में रिलीज हुई थी और हिंदी सिनेमा में कामयाबी का नया इतिहास लिख दिया। फिल्म को ना सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर बेशुमार सफलता मिली, बल्कि इसकी मेकिंग और कहानी कहने के अंदाज को लेकर खूब तारीफ हुई। तभी से इसके दूसरे भाग का इंतजार किया जा रहा है।

लयारी का किंग बनेगा हमजा अली मजारी

दूसरा भाग रणवीर सिंह के किरदार हमजा अली मजारी, जो एक हिंदुस्तानी स्पाइ है, के पाकिस्तान स्थित लयारी में बतौर गैंगस्टर उदय को दिखाता है। रहमान डकैत को खत्म करने के बाद अब उसकी गद्दी लेने की होड़ मची है, जिसके कई दावेदार हैं।

हमजा किस तरह एक-एक चुनौती का सफाया करके गैंग का सरताज बनेगा और इस क्रम में हिंदुस्तान के दुश्मनों का खात्मा करेगा, यह धुरंधर द रिवेंज की कहानी है। हमजा के मुकाबला इस बार लयारी टास्क फोर्स के चीफ एसपी असलम चौधरी, आइएसआइ के मेजर इकबाल और रहमान के कजिन उजैर बलोच हैं।

यह भी पढ़ें: March Movies in Cinemas: ‘धुरंधर 2’ के नाम रहेगा मार्च, बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड की ये फिल्में भी होंगी रिलीज

इन्हीं सब घटनाओं की झलकियां ट्रेलर में दिखाई गई हैं। इसके साथ हमजा अली मजारी की पृष्ठभूमि से भी पर्दा उठेगा और जसकीरत सिंह रांगी की कहानी सामने आएगी। आइबी के डायरेक्टर अजय सान्याल बने आर माधवन ने उसे कैसे रिक्रूट किया, इसका भी खुलासा होगा।

बॉक्स ऑफिस पर बवाल मचाएगी धुरंधर 2?

धुरंधर 2 के सामने पहले कन्नड़ फिल्म टॉक्सिक थी, जिसकी रिलीज आगे खिसकाकर 4 जून कर दी गई है। इसके बाद धुरंधर 2 का रास्ता बिल्कुल साफ हो गया है और बॉक्स ऑफिस पर सोलो रिलीज के तौर पर सामने आएगी। धुरंधर 2 को लेकर ट्रेड को बड़ी उम्मीदें हैं।

माना जा रहा है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के नये कीर्तिमान बना सकती है। पहली फिल्म जहां सिर्फ हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी, धुरंधर 2 हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज होगी, यानी उत्तर से दक्षिण तक इस बार धुरंधर का राज होगा।

फिल्म में रणवीर के साथ सारा अर्जुन फीमेल लीड हैं। वहीं, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, गौरव गेरा, राकेश बेदी, दानिश पंडोर, सौम्या टंडन, मानव गोहिल और राज जुत्शी अहम किरदारों में नजर आएंगे।