Battle Of Galwan का बदला गया नाम, अब नये टाइटल के साथ रिलीज होगी सलमान खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म

Salman Khan's film Battle Of Galwan gets new title. Photo- X

मुंबई। Battle Of Galwan Title Changed: सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान का नाम बदल दिया गया है। सोमवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया, जिस पर नया टाइटल लिखा गया था।

इस पोस्टर के साथ सलमान ने टाइटल बदलने की घोषणा तो नहीं की, बस पोस्टर शेयर कर दिया। इसको लेकर तमाम कयास लगाये जा रहे हैं। कुछ का कहना है कि चीन के साथ भारत के संबंधों के चलते ऐसा किया गया है। हालांकि, यह सिर्फ चर्चा है।

बैटल ऑफ गलवान हुई मातृभूमि

नये पोस्टर पर सलमान का धूल से सना रक्त-रंजित चेहरा दिखाया गया है। पोस्टर पर लिखा है- मातृभूमि और टैगलाइन दी गई है- ईश्वर करे, युद्ध को शांति मिले। नये नाम और नई टैगलाइन से जाहिर है कि बैटल ऑफ गलवान की मूल भावना को सम्भवत: बदलाव के साथ पेश किया जाने वाला है।

चीनी सैनिकों के साथ झड़प की कहानी

बैटल ऑफ गलवान का निर्देशन अपूर्व लखिया ने किया है। फिल्म की कहानी का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है, मगर बताया जाता है कि यह लदाख में भारत और चीन की सीमा पर स्थित पैंगॉन्ग झील के पास 2020 में हुई झड़प की घटना को दिखाती है। लाठी-डंडों से लड़ी गई इस जंग में दोनों पक्षों के कई जवान हताहत हुए थे।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर इस घटना को लेकर संशय बना रहा। मीडिया में रिपोर्टिंग हुई, मगर सरकार की तरफ से साफ तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई। चीनी सरकार ने भी इस घटना का खंडन किया था।

बैटल ऑफ गलवान का टीजर पिछले साल साल 27 दिसम्बर को सलमान खान के जन्मदिन पर रिलीज किया गया था। फिल्म में चित्रांगदा सिंह फीमेल लीड हैं, जो सलमान के साथ पहली बार पर्दे पर दिखेंगी। संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है। सलमान खान फिल्म्स ने इसका निर्माण किया है।

यह भी पढ़ें: सलमान खान की फिल्म Battle Of Galwan का टीजर आते ही चीन में मची खलबली, अखबार में लेख के जरिए खारिज की फिल्म की कहानी

नये पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, पूर्व में आई खबरों के अनुसार, मातृभूमि 17 अप्रैल को रिलीज होगी।