KD The Devil Hindi Song: सोशल मीडिया में भारी विरोध के बाद निर्माताओं ने यू-ट्यब से हटाया हिंदी में अश्लील गाने का वीडियो

KD The Devil Hindi version removed after backlash. Photo- X

मुंबई। KD The Devil Hindi Song: साउथ सिनेमा को लेकर अक्सर बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं। बाहुबली और कांतारा जैसी फिल्मों का उदाहरण देकर बॉलीवुड यानी हिंदी सिनेमा को उलाहना दी जाती है कि यहां ढंग फिल्में नहीं बनाई जातीं, मगर सच्चाई यह है कि साउथ सिनेमा में भी घटिया फिल्मों की कोई कमी नहीं है।

हमें सिर्फ उन्हीं फिल्मों के बारे में पता चलता है, जो हिंदी में डब करके रिलीज की जाती हैं। ताजा मिसाल है केवीएन प्रोडक्शंस की केडी- द डेविल, जो कन्नड़ भाषा की फिल्म है। इसमें ध्रुव सरजा और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म के हिंदी गाने के बोलों को लेकर इस वक्त सोशल मीडिया में बवाल मचा हुआ है।

गाने के बोल इतने डबल मीनिंग हैं कि ऐसा लगता है, जैसे किसी अश्लील साहित्य की लाइनें हैं। हालांकि, विरोध के बाद हिंदी गाने को यू-ट्यूब से हटा दिया गया है।

हिंदी वर्जन ने लांघीं अश्लीलता की हदें

केडी- द डेविल कन्नड़ के साथ हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी रिलीज की जा रही है। लिहाजा सभी भाषाओं में ऑडियो के वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड किये गये थे। रविवार को निर्माताओं ने इन्हें एक्स पर शेयर किया। जैसे-जैसे वक्त गुजरा केडी का हिंदी गाना वायरल हो गया, क्योंकि इसके बोल ऐसे थे कि ध्यान हटाना मुश्किल है।

गाना वायरल होते ही, सोशल मीडिया में इसकी जमकर मजम्मत होने लगी। कई यूजर्स ने अश्लील बोलों पर आपत्ति दर्ज की। इस गाने को पास करने वाली संस्थाओं पर लानत भेजी जाने लगी। कुछ वकील भी सक्रिय हुए और गाने के खिलाफ पुलिस में शिकायतें दी जाने लगीं।

यह भी पढ़ें: Toxic Release Postponed: ‘धुरंधर 2’ के सामने नहीं आएगी यश की ‘टॉक्सिक’, इस बड़ी वजह से टली मोस्ट अवेटेड फिल्म की रिलीज

फिल्ममेकर ओनीर ने सेंसर बोर्ड पर तंज कसते हुए लिखा- और सेंसर बोर्ड घूसखोर पंडत का नाम बदलवाने में व्यस्त है। हम एक अजब देश बनते जा रहे हैं। वैलेंटाइन डे, अंतर-समुदाय विवाह आदि का विरोध करते हैं, मगर इस कचरे से कोई दिक्कत नहीं।

मेकर्स ने यू-ट्यूब से हटाया हिंदी गाना

सोमवार को गाने पर खूब बवाल हुआ। मेकर्स का ध्यान जब इस पर गया तो उन्होंने मंगलवार सुबह यू-ट्यूब पर सभी वीडियो पहले प्राइवेट कर दिये। कुछ देर बाद कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम के वीडियो वापस अपलोड कर दिये, मगर हिंदी का वीडियो अभी भी प्राइवेट रखा गया है।

https://twitter.com/KvnProductions/status/2033086275628978409

इसकी दो वजह हो सकती हैं। एक ये कि हिंदी गाने को सुधारकर अपलोड करने की तैयारी की जा रही हो, दूसरा यह हो सकता है कि गाना सोशल मीडिया से हटा दिया गया हो, मगर सीधे फिल्में दिखाया जाए। हालांक, सोशल मीडिया में बैकलैश के बाद ऐसा करना आसान नहीं होगा।

यह गाना संजय दत्त और नोरा फतेही पर पिक्चराइज किया गया है। गाने के कन्नड़ वर्जन को ऐश्वर्या रंगराजन ने आवाज दी है। बोल प्रेम के हैं और संगीत अर्जुन जान्या ने दिया है, जो थिरकाने वाला है। हिंदी वर्जन के लिरिक्स रकीब आलम ने लिखे हैं।