मुंबई। Dhurandhar 2 Box Office Day 1: रणवीर सिंह अभिनीत आदित्य धर निर्देशित धुरंधर द रिवेंज ने पहले दिन वो कारनामा कर दिखाया है, जो आज तक हिंदी सिनेमा में नहीं हो सका। तमाम आलोचनाओं के बीच फिल्म ने 100 करोड़ की ऐतिहासिक ओपनिंग ली है।
कुछ साल पहले यह रकम किसी फिल्म के लिए बहुत बड़ा माइल स्टोन समझी जाती थी, मगर धुरंधर 2 ने एक ही दिन में यह राशि हासिल कर ली।
धुरंधर की बेतहाशा सफलता के बाद धुरंधर 2 को लेकर माना जा रहा था कि यह बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड नये सिरे से लिखेगी और वैसा हुआ भी। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन 100.23 करोड़ का नेट कारोबार किया है। हालांकि, अंतिम आंकड़े आने के बाद यह रकम घट बढ़ सकती है।
18 मार्च को धुरंधर 2 के पेड प्रीव्यूज रखे गये थे, जिनसे फिल्म ने 43 करोड़ जमा किये थे। अगर, यह रकम भी मिला दी जाए तो धुरंधर की ओपनिंग 143 करोड़ के आसपास रही है।
यह भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Reactions: रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, आदित्य धर पर नोटबंदी को जस्टिफाई करने का आरोप
दक्षिण भाषाओं का नहीं मिला साथ
धुरंधर 2 हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज हुई है, मगर दक्षिण भारतीय भाषाओं का योगदान अधिक नहीं रहा। फिल्म की अधिकतम कमाई हिंदी से ही हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, धुरंधर 2 ने 96.78 करोड़ नेट कलेक्शन हिंदी में किया है। इसके बाद तेलुगु वर्जन से सिर्फ 2.12 करोड़ मिले।
तमिल भाषा से 1.16 करोड़ आये। मलयालम और कन्नड़ वर्जनों की कमाई एक करोड़ से भी कम रही। धुरंधर 2 के 21 हजार से अधिक शो चल रहे हैं।
सिंगल लैंग्वेज में सबसे अधिक कमाई का रिकॉर्ड
किसी एक भाषा में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड अब धुरंधर 2 के नाम है। इसके बाद अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 है, जिसने तेलुगु में 80.30 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि सभी भाषाओं को मिलाकर पहले दिन 164.25 करोड़ नेट जमा किये थे।
यहां गौर करने वाली बात यह भी है कि पुष्पा 2 के हिंदी वर्जन ने लगभग 70 करोड़ का नेट कलेक्शन पहले दिन किया था, जबकि धुरंधर 2 के तेलुगु वर्जन ने पहले दिन सिर्फ 2.12 करोड़ ही कमाये। बताया जाता है कि टेक्नीकल समस्या की वजह से फिल्म का तेलुगु वर्जन देर से रिलीज हुआ था। फिर भी आंकड़े बता रहे हैं कि पहले दिन धुरंधर 2 को तेलुगु दर्शकों का साथ नहीं मिला।
ओपनिंग के लिहाज से टॉप 5 फिल्में इस प्रकार हैं:
- पुष्पा 2- 164 करोड़
- धुरंधर 2- 143 करोड़ (पेड प्रीव्यूज मिलाकर)
- जवान- 75 करोड़
- एनिमल- 63.80 करोड़
- पठान- 57 करोड़
धुरंधर 2 की कहानी वहीं से आगे बढ़ी है, जहां धुरंधर खत्म हुई थी। हालांकि, इस बार फिल्म को तीखी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ रहा है। आलोचक इसे विशुद्ध प्रोपेगैंडा फिल्म मान रहे हैं, जिसे सरकार के विवादित फैसलों को सही ठहराने के लिए बनाया गया है।
इसको लेकर सोशल मीडिया में जबरदस्त बहस छिड़ी हुई है। जिन लोगों ने धुरंधर पर प्रोपेगैंडा फिल्म होने के आरोपों का विरोध किया था, वो भी धुरंधर 2 की आलोचना कर रहे हैं।

