मुंबई। Rajinikanth on Dhurandhar 2: रणवीर सिंह और आदित्य धर की फिल्म धुरंधर द रिवेंज के चाहने वालों की लिस्ट लम्बी होती जा रही है। अब इसमें ताजा नाम जुड़ा है साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत का, जिन्होंने धुरंधर द रिवेंज की तारीफ में पोस्ट लिखी है। थलाइवा ने धुरंधर 2 को बॉक्स ऑफिस के बाप की संज्ञा दी है।
रजनीकांत ने आदित्य धर को किया सलाम
रजनीकांत ने सोमवार को एक्स पर धुरंधर 2 के लिए लिखा- क्या फिल्म है धुरंधर 2। आदित्य धर को सलाम। बॉक्स ऑफिस का बाप। रणवीर और पूरी टीम और कास्ट और क्रू को बहुत बधाइयां। हर भारतीय को जरूर देखनी चाहिए। जय हिंद।
भारतीय सिनेमा के सबसे सफल और स्टाइलिश कलाकारों में से एक रजनीकांत की यह पोस्ट धुरंधर द रिवेंज की टीम के लिए किसी तमगे से कम नहीं है। इस पोस्ट के बाद उम्मीद की जा रही है कि धुरंधर 2 तमिल भाषा में भी रफ्तार पकड़ेगी।

साउथ में फिल्म का कारोबार कोई खास नहीं चल रहा है। फिल्म रिलीज के चार दिनों में 761 करोड़ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, जिसमें से बड़ा योगदान हिंदी भाषा का ही है। साउथ के कई कलाकारों के समर्थन के बावजूद फिल्म रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है।
रजनीकांत से पहले तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने धुरंधर 2 के पक्ष में पोस्ट लिखी हैं। इनमें अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर, राम चरन शामिल हैं। धुरंधर 2 इस वक्त की सबसे अधिक चर्चित फिल्म है। एसएस राजामौली फिल्म की तारीफ में पोस्ट लिख चुके हैं।
बाहुबली डायरेक्टर ने फिल्म की सभी पक्षों की तारीफ करते हुए इसे फ्लॉलेस यानी दोषरहित करार दिया था।

हालांकि, बहुत बड़ा वर्ग ऐसा भी है, जो धुरंधर 2 को निरंतर प्रोपेगेंडा फिल्म बता रहा है। ऐसे लोगो का आरोप है कि यह फिल्म भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है। इसकी वजह है फिल्म में सबसे विवादित फैसलों में से एक नोटबंदी को जस्टिफाई करना।
प्रोपेगेंडा फैलाने के लग रहे आरोप
लोगों का कहना है कि फिल्म की कहानी में जिस तरह से मौजूदा सरकार की घोषणाओं को पिरोया गया है, उससे साबित हो रहा है कि यह फिल्म सरकार को सपोर्ट करने के लिए बनाई गई है। वहीं, बीजेपी के एक्स हैंडलों से धुरंधर 2 की क्लिप्स शेयर करना भी इन आरोपों को हवा दे रहा है कि फिल्म से सत्तारूढ़ दल को अप्रत्यक्ष फायदा हो रहा है।

