Dhurandhar 2 Box Office Day 5: पहले सोमवार को जारी रही ताबड़तोड़ कमाई, 5 दिनों में 500 करोड़ के पार ‘धुरंधर 2’

Dhurandhar 2 box office 5 days collection. Photo- X

मुंबई। Dhurandhar 2 Box Office Day 5: बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर द रिवेंज का सफर ना सिर्फ ऐतिहासिक है, बल्कि भारतीय सिनेमा को पुनर्परिभाषित करने वाला है। शायद ही किसी ने सोचा होगा कि किसी दिन ऐसी फिल्म भी आएगी, जो हर दिन 100 करोड़ रुपये का कारोबार करेगी।

वो रकम, जो कभी सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर होती थी, उस रकम को रणवीर सिंह की फिल्म एक ही दिन में जुटा रही है। यह कमाई अकल्पनीय हकीकत और ऐसा रिकॉर्ड है, जो आने वाले समय में शायद ही कोई फिल्म तोड़ सके।

सोमवार को 65 करोड़ की कमाई का अनुमान

धुरंधर द रिवेंज ने रिलीज के महज 5 दिनों में 500 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है यानी फिल्म ने औसतन 100 करोड़ का नेट कलेक्शन प्रति दिन दिया है। बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, धुरंधर 2 ने पहले सोमवार को लगभग 65 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जिसे मिलाकर 5 दिनों का नेट कलेक्शन अब लगभग 531 करोड़ हो चुका है।

हिंदी सिनेमा की फास्टेस्ट 500 करोड़ी फिल्म

5 दिनों में ही धुरंधर पठान, गदर 2 और बाहुबली 2 द कन्क्लूजन के लाइफ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़कर भारतीय सिनेमा की सबसे तेज और आठवीं हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म बन चुकी है।

भारतीय सिनेमा की टॉप 10 फिल्मों की लिस्ट अब इस प्रकार है:

  • धुरंधर- 896.96 करोड़
  • पुष्पा 2- 830.10 करोड़
  • जवान- 643.87 करोड़
  • स्त्री 2- 627.02 करोड़
  • छावा- 600.10 करोड़
  • एनिमल- 556.36 करोड़
  • पठान- 543.05 करोड़
  • धुरंधर 2- 531 करोड़*
  • गदर 2- 525.45 करोड़
  • बाहुबली 2- 510.99 करोड़

धुरंधर द रिवेंज 19 मार्च को हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की गई थी। इससे पहले 18 मार्च को इसके पेड प्रीव्यूज रखे गये थे, जिन्हें जोरदार रिस्पॉन्स मिला और फिल्म ने पेड प्रीव्यूज में ही 43 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया था।

धुरंधर 2, वर्ल्डवाइड 761 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन 4 दिनों में कर चुकी थी और माना जा रहा है कि पहला हफ्ता पूरा होते-होते 1000 करोड़ वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लेगी।

(यह रिपोर्ट पांचवें दिन के अनुमानित आंकड़ों के आधार पर लिखी गई है। मंगलवार को अंतिम आंकड़े आने के बाद इसे अपडेट किया जाएगा और नये तथ्य शामिल किये जाएंगे)