मुंबई। Tu Hi Disda Song Out: अक्षय कुमार की प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी हॉरर कॉमेडी फिल्म भूत बंगला अप्रैल में रिलीज के लिए तैयार है। धुरंधर द रिवेंज के शोर-शराबे के बीच खिलाड़ी ने अपनी फिल्म का प्रमोशन शुरू कर दिया है। फिल्म का टीजर और टाइटल ट्रैक राम जी आके भला करेंगे रिलीज हो चुका है। अब दूसरा गाना तू ही दिसदा मंगलवार को जारी कर दिया गया है।
रोमांटिक गाना है तू ही दिसदा
यह एक रोमांटिक गाना है, जो अक्षय और फिल्म की लीडिंग लेडी वामिका गब्बी पर फिल्माया गया है। गाने को अरिजीत सिंह और निकिता गांधी ने आवाज दी है, जबकि संगीत प्रीतम का है। बोल कुमार के हैं। अक्षय ने एक्स पर गाना शेयर करने के साथ अरिजीत का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने लिखा- तुम्हारे साथ जुड़ना हमेशा खास रहता है। हमेशा की तरह तू ही दिसदा को अपनी जादुई आवाज देने के लिए शुक्रिया अरिजीत सिंह। यहां बता दें कि अरिजीत सिंह ने कुछ दिन पहले प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने का एलान किया था। यह गाना उनके आखिरी प्रोजेक्ट्स में से एक है।
यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Teaser: मंगलपुर में फैला वधूसुर का आतंक, अक्षय कुमार की हॉरर कॉमेडी का टीजर आउट
तू ही दिसदा में अक्षय और वामिका रोमांस करते हुए नजर आ रहे हैं। यह गाना हॉरर कॉमेडी फिल्म को रोमांस की गहराई में लेकर जाता है।
16 साल बाद साथ आये अक्षय-प्रियदर्शन
इस फिल्म के जरिए अक्षय और प्रियदर्शन कई साल बाद साथ आये हैं। दोनों ने हेराफेरी समेत हिंदी सिनेमा को कई सफल और चर्चित कॉमेडी फिल्में दी हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में अक्षय आखिरी बार खट्टा मीठा है, जो 2010 में आई थी।
भूत बंगला 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस साल अक्षय की यह पहली रिलीज फिल्म होगी। भूत बंगला में अक्षय और वामिका के अलावा तब्बू, परेश रावल, मिथिला पालकर, जिशु सेनगुप्ता, मनोज जोशी और राजपाल यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण अक्षय कुमार ने एकता कपूर और शोभा कपूर के साथ मिलकर किया है।

