Alan Ritchson: रीचर एक्टर को बड़ी राहत, नया वीडियो सबूत सामने आने के बाद पुलिस ने बंद किया पड़ोसी संग मारपीट का केस

Case against Alan Ritchson closed. Photo- X

मुंबई। Alan Ritchson Case: हॉलीवुड अभिनेता एलन रिचसन को पड़ोसी संग मारपीट के मामले में बड़ी राहत मिली है। ब्रेंटवुड पुलिस ने उन पर मारपीट का केस आगे ना बढ़ाने का फैसला करते हुए बंद कर दिया है। पुलिस का कहना है कि एलन ने आत्म-रक्षा में मारपीट की थी। पुलिस का यह फैसला नया वीडियो सामने आने के बाद आया है।

रिचसन के खिलाफ मारपीट का केस बंद

फुटेज एलन के बॉडी कैमरा से लिया गया है। इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि रीचर एक्टर अपनी मोटरसाइकिल पर जा रहे हैं। अचानक एक व्यक्ति उनकी बाइक के सामने आ जाता है। एलन बाइक रोक देते हैं। वो व्यक्ति एलन से गुस्से में कुछ कहने लगता है और फिर थोड़ा उग्र हो जाता है, जिसके बाद एलन उसके साथ धक्क-मुक्की करते हैं।

मामले में ब्रेंटवुड पुलिस ने बयान जारी किया, जिसमें कहा गया है- उपलब्ध सबूतों, जिसमें वीडियो फुटेज और गवाहों के बयान शामिल हैं, की पड़ताल करने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने फैसला किया कि किसी तरह के आपराधिक आरोप दर्ज नहीं किये जाएंगे। मिस्टर रिचसन ने आत्म-रक्षा में एक्शन लिया था।

पड़ोसी के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लिए आरोप तय किये जा रहे थे, मगर मिस्टर रिचसन केस को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। केस बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: Project Hail Mary: रायन गोसलिंग ने ऋतिक रोशन को दिया रीमेक का ऑफर, 26 मार्च को भारत में रिलीज हो रही फिल्म

रिचसन और टेलर के बीच क्या हुआ था?

बता दें, रिचसन और उनके पड़ोसी रॉनी टेलर के बीच उनके घर के बार इसी महीने झड़प हो गई थी। पहले जो वीडियोज सामने आये थे, उसमें रिचसन टेलर को जमीन पर गिराकर पीटते नजर आये थे। दो युवक भी पीछे खड़े थे, जो मोटरसाइकिलों पर सवार थे। दोनों इस घटना के गवाह भी हैं।

टेलर का आरोप था कि रिचसन अपनी मोटरसाइकल अक्सर तेज गति से दौड़ाते हैं। यह पहली बार नहीं हुआ है। घटना वाले दिन, जब रिचसन अपनी बाइक टेलर के घर के सामने से दो बार तेज गति से दौड़ाते हुए गये तो टेलर ने टोका।

टेलर के अनुसार, हालात उग्र हो गये और उन्होंने रिचसन को दो बार धक्का दिया। टेलर ने आरोप लगाया कि रिचसन अपनी बाइक से उतरकर आये और मुझे बुरी तरह पीटा। रिचसन के बॉडीकैम ने पूरी घटना को रिकॉर्ड किया थी, जिसमें दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाते नजर आते हैं।

प्राइम वीडियो की सीरीज रीचर से दुनियाभर में मशहूर हुए एलन रिचसन हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई साइ फाइ एक्शन फिल्म वॉर मशीन में लीड रोल में नजर आये थे।