मुंबई। Toaster Movie Release Date: राजकुमार राव और पत्रलेखा की गिनती उन कलाकारों में की जाती है, जो अभिनय के जरिए पर्दे पर जादू बिखेर सकते हैं। अब दोनों निर्माता भी बन गये हैं और अपनी पहली फिल्म टोस्टर लेकर आ रहे हैं। राजकुमार और पत्रलेखा की डेब्यू फिल्म नेटफ्लिक्स पर आएगी, जिसकी रिलीज डेट की गुरुवार को घोषणा की गई।
राजकुमार राव ने वीडियो से किया एलान
रिलीज डेट एनाउंसमेंट वीडियो में राजकुमार राव मजाकिया अंदाज में फिल्म के बारे में बताते हैं। फिल्म का निर्देशन विवेक दास चौधरी ने किया है, जबकि निर्माण राव और पत्रलेखा की कम्पनी कैम्पा फिल्म्स ने किया है। टोस्टर में राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अर्चना पूरन सिंह, अभिषेक बनर्जी, फराह खान, उपेंद्र लिमये, विनोद रावत, जितेंद्र जोशी और सीमा पाहवा सहयोगी किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म के जरिए राजकुमार एक बार फिर कॉमेडी में दांव आजमाते नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें: April OTT Releases: ‘सितारे जमीन पर’ और ‘मामला लीगल है सीजन 2’ समेत अप्रैल में ओटीटी पर आ रहीं ये फिल्में और सीरीज
फिल्म की कहानी शादी में दिये जाने वाले तोहफों को लेकर है, अक्सर एक्सचेंज होते रहते हैं, मगर क्या होगा, अगर एक्सचेंज के बाद तोहफों को कैंसिल कर दिया जाए और कोई अपना गिफ्ट भूलने से इनकार कर दे।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म को लेकर पत्रलेखा ने कहा कि कैम्पा फिल्म्स के जरिए प्रोडक्शन में उतरना और नेटफ्लिक्स के साथ सफर शुरू करना हमारे लिए माइलस्टोन है। टोस्टर की कहानी ऐसी है कि यह ऐसी जगहों में ह्यूमर ढूंढती है, जहां होने की उम्मीद नहीं की जाती। पहली फिल्म होने के कारण हमारे लिए यह बेहद खास है।
टोस्टर 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म की स्टोरी और स्क्रीनप्ले परवीज शेख, अक्षत घिलडियाल और अनघ मुखर्जी का है। संवाद अक्षत ने लिखे हैं।

