AI के झांसे में आये वेटरन फिल्ममेकर सुभाष घई, सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने दूर की गलतफहमी

Subhash Ghai latest victim of AI. Photo- X

मुंबई। Subhash Ghai Falls for AI Created Sand Art: आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस जैसे-जैसे विकसित हो रही है, इसके साइड इफेक्ट्स भी सामने आ रहे हैं। खासकर, जनरेटिव एआइ के जरिए क्रिएट की गई तस्वीरें और वीडियो वास्तविकता के इतने करीब होते हैं कि नंगी आंखों से पहचानना मुश्किल हो जाए।

हिंदी सिनेमा के वेटरन फिल्ममेकर सुभाष घई भी एआइ के झांसे में आ गये। सुभाष ने रेत से बनी अपनी एक तस्वीर को सच मानकर मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक को शुक्रिया कह डाला। तब सुदर्शन ने विनम्रता के साथ दिग्गज फिल्ममेकर की गलफलमी दूर की।

सुभाष घई ने शेयर की फोटो

शुक्रवार को सुभाष घई ने एक्स पर सैंड से बनी अपनी एक तस्वीर शेयर करके लिखा- यकीन नहीं होता। मेरे एक दोस्त ने मुझे पुरी के पद्मश्री प्राप्त मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक द्वारा बनाई मेरी परफेक्ट तस्वीर भेजी। शुक्रिया सुदर्शन जी। ईश्वर आप पर कृपा बनाये रखें।

यह भी पढ़ें: अब Operation Sindoor की कहानी बड़े पर्दे पर, विवेक अग्निहोत्री और भूषण कुमार ने किया फिल्म का एलान

कई फैंस ने तस्वीर पर कमेंट करके आगाह किया कि यह एआइ जनित हो सकती है। कुछ ने ग्रोक से भी पूछा, जिसने एआइ से बने होने की सम्भावना जताई। फोटो पर कम्युनिटी नोट्स में भी एआइ से बने होने की बात कही गई।

सुदर्शन पटनायक ने दी सफाई

इसके कुछ देर बाद सुदर्शन पटनायक ने सुभाष की पोस्ट को रीपोस्ट करके साफ किया कि सुभाष की रेत से छवि उन्होंने नहीं बनाई है। सुदर्शन ने लिखा- सुभाष घई जी नमस्कार। मैं आपकी तारीफ और संदेश पाकर बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। सर, मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं।

मैं सम्मान के साथ कहना चाहता हूं कि रेत से बनी यह आकृति एआइ जनरेटेड लगती है। गलत सूचना की वजह से कुछ गलतफहमी हुई है। आपके शब्द मेरे लिए बहुत मायने रखते हैं। ये सच में आशीर्वाद की तरह हैं। आदर और कृतज्ञता के साथ

सुदर्शन पटनायक जाने-माने सैंड आर्टिस्ट हैं, जो विभिन्न मौकों पर पुरी के समंदर किनारे रेत से सेलिब्रिटीज और अन्य विशेष लोगों की छवि उकेरते रहते हैं। सम्भवत: सुभाष घई इसीलिए धोखा खा गये।