Karan Johar on Dhurandhar 2: ‘तू क्या है यार…’, रणवीर सिंह की अदाकारी के कायल करण जौहर ने एक्टर को बताया ‘धुरंधर मूवी स्टार’

Karan Johar pens note to praise Ranveer Singh and Aditya Dhar. Photo- Instagram

मुंबई। Karan Johar on Dhurandhar 2: धुरंधर द रिवेंज ने सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर ही विजय पताका नहीं फहराई है, बल्कि यह फिल्म निरंतर चर्चा के केंद्र में है। रिलीज के एक हफ्ते बाद भी फिल्म को लेकर बातें की जा रही हैं। कोई इसे प्रोपेगेंडा फिल्म बता रहा है तो कोई तारीफ में कसीदे पढ़ रहा है।

फिल्म के लेटेस्ट फैन हैं करण जौहर, जिन्होंने धुरंधर 2 से प्रभावित होकर एक बड़ा नोट इंस्टाग्राम पर लिखा है। इस नोट में करण ने निर्देशक आदित्य धर और रणवीर सिंह की जमकर तारीफ की है। खासकर, अपनी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के हीरो रणवीर की अदाकारी ने करण को क्लीन बोल्ड कर दिया है।

इंस्टाग्राम पर करण जौहर ने लिखा नोट

करण ने नोट में लिखा- टेस्टोस्टेरोन, हाइपर अल्फा एनर्जी और देशभक्ति की गहराई की चर्चा होती रहेगी और होनी भी चाहिए। लेकिन, धुरंधर 2 इससे कहीं ज्यादा है। जसकीरत की दिल दहलाने वाली कहानी, अपनी मातृभूमि के लिए बलिदान… यहां तक कि खलनायक का मानवीकरण और उसका परतदार अतीत। त्रुटिहीन कला। साउंड और हर जगह सिनेमैटिक परिपूर्णता आदित्य धर की निर्देशकीय पकड़ को दिखाता है।

क्या शानदार और जबरदस्त फिल्ममेकर हैं। उन्होंने ना सिर्फ मेनस्ट्रीम सिनेमा के मानदंड को ऊंचा किया है, बल्कि एक नया सिनेमा बनाया है। यह नया डायरेक्टर है। बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़के घुसेगा भी और हर रिकॉर्ड मारेगा भी।

और और और… रणवीर सिंह, तू क्या है यार??? तुम्हारे करियर का सर्वश्रेष्ठ काम और तुम्हारा हर आंसू। हर खामोश नजर। हर बार जब तुम स्वैग के साथ चले, तुमने साबित किया कि तुम सर्वश्रेष्ठों में से एक हो। युगों तक तुम क्षमताओं वाले कलाकार माने जाओगे।

यह भी पढ़ें: Dhurnadhar 2 Box Office Day 8: ओपनिंग वीक में ‘धुरंधर 2’ बनी तीसरी हाइएस्ट ग्रॉसर भारतीय फिल्म, वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ के पार!

करण आगे लिखते हैं- मुझे वो दिन याद आ गये, जब सत्तर के दौर में हम सिंगल स्क्रींस में विशुद्ध सिनेमा देखते थे और बाहर आकर संतोष के साथ सोचते थे कि हमें इस बिजनेस का हिस्सा बनना है। मैं आज इस समुदाय का हिस्सा हूं और धुरंधर मुझे याद दिलाती है कि मैं कितना गौरवान्वित और कृतज्ञ हूं।

बॉलीवुड की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

बता दें, करण जौहर की यह पोस्ट ऐसे समय में आई है, जब बॉलीवुड पर आदित्य धर को अलग-थलग कर देने के आरोप लगाये जा रहे हैं। सोशल मीडिया में अक्सर यह सवाल उठाया जाता है कि साउथ के तमाम कलाकारों ने धुरंधर 2 की तारीफ में पोस्ट लिखी हैं, मगर बॉलीवुड के दिग्गज खामोश हैं।

इससे पहले अपनी फिल्म भूत बंगला के प्रमोशंस के दौरान अक्षय कुमार धुरंधर की तारीफ कर चुके हैं। वहीं, आमिर खान ने कहा था कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है, मगर इसके बारे में काफी अच्छी बातें सुन रहे हैं।

धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई का इतिहास लिख दिया है। फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में 1000 करोड़ का पड़ाव वर्ल्डवाइड पार कर लिया है। साथ ही, भारत में फिल्म ने 690 करोड़ का नेट कारोबार किया है और भारतीय सिनेमा की तीसरी हाइएस्ट ग्रॉसर फिल्म बन चुकी है।