मुंबई। Ramayana Teaser Reactions: नितेश तिवारी निर्देशित रामायण पिछले कई सालों से चर्चा में है। इसकी स्टार कास्ट, बजट और बड़े-बड़े दावों ने फिल्म को लेकर लोगों की उम्मीदें इस कदर बढ़ा दी थीं कि जब इसकी पहली झलक आज गुरुवार को रिलीज हुई तो तीखी आलोचना हो रही है।
एक्स पर आई प्रतिक्रियाओं की बाढ़
एक्स पर लोग टीजर की क्लिप्लस शेयर करके इसके बजट के दावों पर सवाल उठा रहे हैं। राम के रूप में रणबीर तो पसंद आ रहे हैं, मगर इसके अन्य दृश्यों को कठघरे में खड़ा किया जा रहा है। फिल्म के वीएफएक्स से भी कई लोग संतुष्ट नहीं हैं और हैरानी जता रहे हैं कि आखिर इतना बड़ा बजट खर्च कहां हुआ।
दो भागों में बन रही रामायण का निर्माण नमित मल्होत्रा ने किया है। फिल्म को नमित मल्होत्रा की रामायण के तौर पर प्रचारित भी किया जा रहा है। नमित का नाम आगे रखने का मकसद सम्भवत: इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना होगा, क्योंकि नमित की कम्पनी डीएनईजी वीएफएक्स के क्षेत्र की जानी-पहचानी कम्पनी है और 8 बार ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुकी है।
बहरहाल, टीजर पर लोगों की प्रतिक्रिया देखकर लगता है कि प्रचार का यही दांव अब उल्टा पड़ रहा है। यूजर्स रामायण के अतिमहत्वाकांक्षी टीजर से निराश दिख रहे हैं। वांडरर नाम के एकाउंट से लिखा गया कि 8 ऑस्कर जीतने वाली कम्पनी से इस औसत काम की उम्मीद नहीं थी।
श्याम कृष्णन नाम के यूजर ने कैरेक्टर्स पर सवाल उठाते हुए लिखा- मैं इसके स्केल और प्रयास की दिल से तारीफ करता हूं, जो सीजीआई सृजित दृश्यों में लगा है। मगर, रचनात्मक रूप से कुछ बातें ठीक नहीं लगतीं। कुछ मिथकीय प्राणी और राक्षस रामायण से ज्यादा लॉर्ड ऑफ दि रिंग्स के लग रहे हैं और टीजर की ओपनिंग पश्चिम में सेट कहानी लगती है।
द स्किन डॉक्टर नाम के एकाउंट से लिखा गया है- आदिपुरुष ने पैमाना इतना नीचे कर दिया कि कुछ लोगों को यह सिनेमैटिक लगेगा। 4000 करोड़ की फिल्म के हिसाब से यह जंच नहीं रहा। कुछ शॉट अच्छे हैं, लेकिन ज्यादातर एआइ जनित लगते हैं। इससे बेहतर की उम्मीद थी। आशा है कि रिलीज से पहले वे इसे दुरुस्त कर लेंगे।
वी जतिन नाम के यूजर ने टीजर का पोस्टमार्टम किया है। उन्होंने लिखा- रणबीर अच्छे दिख रहे हैं, मगर उम्र ज्यादा लग रही है। कुछ दृश्य वाकई अच्छे हैं, लेकिन अगर 4000 करोड़ के बजट की बात करें तो यह अतिश्योक्ति लगती है। स्केल बजट से मैच नहीं करता।
राजामौली की वाराणसी से हो रही तुलना
कुछ लोग रामायण के टीजर की तुलना एसएस राजामौली की निर्माणाधीन फिल्म वाराणसी के टीजर से कर रहे हैं। उनका कहना है कि 4000 करोड़ के बजट के बावजूद रामायण वाराणसी से कोई मैच नहीं है।
बता दें, हिंदी में रामायणम् के नाम से फिल्म को रिलीज किया जाएगा। इसी साल दिवाली पर रामायणम् सिनेमाघरों में पहुंचेगी। फिल्म में रणबीर कपूर राम, रवि दुबे लक्ष्मण, साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान और यश रावण के रोल में नजर आएंगे। राजामौली की वाराणसी अगले साल रिलीज होगी।

