Shaktimaan Meets Hanuman: बजरंग बली संग शक्तिमान ने भरी उड़ान, हनुमान जन्मोत्सव पर मुकेश खन्ना ने रिलीज किया वीडियो

Shaktimaan meets Hanuman. Photo- YouTube Screenshot

मुंबई। Shaktimaan Meets Hanuman: महाभारत सीरियल में भीष्म पितामह और सुपरहीरो शक्तिमान का किरदार निभाने वाले अभिनेता मुकेश खन्ना अक्सर अपने बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। खासकर, धर्म से जुड़ी बातों पर मुकेश खुलकर विचार रखते हैं। रामायण और महाभारत उनके प्रिय विषय हैं।

हनुमान चालीसा का वीडियो

गुरुवार को हनुमान जयंती (जन्मोत्सव) के मौके पर मुकेश खन्ना ने एक स्पेशल वीडियो जारी किया है, जिसमें शक्तिमान को हनुमान जी से मिलते हुए दिखाया गया है। दोनों आसमान में साथ उड़ते हुए भी नजर आ रहे हैं। दरअसल, मुकेश ने हनुमान चालीसा को अपनी आवाज में गाया है, जिसका यह वीडियो है।

इस वीडियो को सोशल मीडिया में पोस्ट करके मुकेश ने लिखा- कई लोग मुझसे कहते हैं, शक्तिमान आपने सुपरमैन से कॉपी किया। मैं उनसे कहता हूं कि सुपरमैन ने हनुमान को कॉपी किया।

हनुमान जी हमारे देश के सबसे पहले सुपर हीरो हैं। और सुपरहीरोज तब पैदा ही नहीं हुए थे। आज हनुमान जयंती देश मना रहा है। मैं इसे जयंती नहीं, जन्मोत्सव कहूंगा, क्योंकि वो कभी मरे नहीं। वो अमर हैं। मैंने शक्तिमान और आर्यमान के साथ मिलकर उनके साथ, उनका ये जन्मदिवस मनाया है। आप भी आनंद उठाइए। हनुमान जी को हम सबकी तरफ से जन्मदिस की ढेर सारी शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें: Ramayan The Introduction: नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का पहला टीजर जारी, मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में रणबीर का इंट्रोडक्शन

एआइ से बनाये हनुमान और शक्तिमान

मुकेश खन्ना ने अपना यह वीडियो अपने प्रोडक्शन हाउस भीष्म इंटरनेशनल के यू-ट्यूब चैनल पर पोस्ट किया है। सात मिनट से ज्यादा के वीडियो में दृश्यों को डियो में दृश्यों को एआइ के माध्यम से बनाया गया है। वीडियो को अब तक 14 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। कई फैंस ने वीडियो को लाइक किया है और कमेंट कर रहे हैं।

बता दें, मुकेश खन्ना शक्तिमान को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। कई बार इस पर फिल्म बनने की खबरें आ चुकी हैं, जिनके मुताबिक रणवीर सिंह शक्तिमान बनना चाहते थे। मगर, मुकेश इसके लिए राजी नहीं हुए। उन्होंने यह तक दावा किया कि रणवीर कई घंटे तक उनके पास बैठकर उन्हें मनाते रहे, मगर उन्हें रणवीर में शक्तिमान नजर नहीं आता।