Ramayana Teaser: रामायण के पहले टीजर को मिलीं आलोचनाओं के बीच नमित मल्होत्रा ने दिया संदेश- ‘हम गौर से सुन रहे हैं…’

Namit Malhotra on criticism of Ramayana teaser. Photo- X

मुंबई। Namit Malhotra Assures About Ramayana: रणबीर कपूर अभिनीत रामायण द इंट्रोडक्शन साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों के मन में जबरदस्त उत्सुकता है। इसीलिए फिल्म से जुड़ी छोटी से छोटी जानकारी पर फैंस और दर्शकों की नजर बनी रहती है।

जैसे ही कोई अपडेट आता है, लोग टूट पड़ते हैं। जाहिर है कि रामायण के हर अपडेट को इन्हीं आसमान छूती उम्मीदों के बीच से होकर गुजरना है। इससे मेकर्स की चुनोती बढ़ गई है। जरा भी फिसले कि दर्शक उन्हें लपेट लेंगे।

टीजर की हो रही है आलोचना

पिछले दिनों जब रामायण का पहला टीजर रिलीज हुआ तो कुछ ऐसा ही हुआ। सोशल मीडिया में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। इनमें कुछ तारीफ में थीं तो कहीं ज्यादा आलोचनाओं से भरी हुई थीं। टीजर के एक-एक दृश्य का फैंस ने विच्छेदन कर दिया।

खासकर, वीएफएक्स पर दर्शकों की प्रतिक्रिया कुछ ज्यादा ही तीखी रही। अब इन आलोचनाओं के बीच फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया के जरिए दर्शकों को भरोसा दिलाया है कि उनकी हर बात सुनी जा रही है।

नमित ने रामायण के लिए दिखाई प्रतिबद्धता

मंगलवार को नमित ने एक्स पर लिखा- पिछले कुछ दिनों में जो प्रतिक्रियाएं आईं, वो भावुक, प्रेरित और हमें द्रवित करने वाली रहीं। यह देखकर कि हमारे राम ने कैसे दुनियाभर के लोगों के दिलों को छुआ मुझे गहरा आनंद हुआ है। मैं सभी विमर्शों, उत्साह और प्रतिक्रियाओं का आनंद ले रहा हूं।

यह कहानी करोड़ों लोगों के दिलों में बैठी हुई और बहुत सावधानी की जरूरत है। हजारों कलाकार और सहयोगी पूरे जज्बे से लगे हुए हैं और हर विभाग में सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश में जुटे हैं। हम गौर से सुन रहे हैं, शिद्दत से काम कर रहे हैं और इसे प्रासंगिक बनाने के लिए सब कुछ कर रहे हैं।

यह हमारी रामायण है। यह सबसे जुड़ी है और भारत को गौरवान्वित करने की भावनाओं से हम सब जुड़े हैं। यह हर रोज मेरी प्रेरणाशक्ति है। अब तक आपने जो देखा, सिर्फ शुरुआत है। हम सब अपनी संस्कृति और इतिहास का जश्न मनाने के लिए इस दिवाली अपनी इस महागाथा को लाने के लिए बेकरार हैं।

यह भी पढ़ें: Ramayana Teaser VFX Row: सामने आया नीली पगड़ी वाला एक्टर, कहा- ‘AI नहीं, असली हूं मैं…’, दो साल पहले हुई थी शूटिंग

दिवाली पर रिलीज हो रही रामायण द इंट्रोडक्शन का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं। फिल्म में राम का किरदार रणबीर कपूर निभा रहे हैं, जबकि सीता साई पल्लवी बनी हैं। सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में हैं। फिल्म में रावण के रोल में यश दिखेंगे, जो सह-निर्माता भी हैं।