Cocktail 2 First Look: जब तलक गाने के साथ जारी हुआ कॉकटेल 2 का फर्स्ट लुक, कृति-रश्मिका के साथ थिरके शाहिद

Cocktail 2 first look song out. Photo- screenshot

मुंबई। Cocktail 2 First Look: होमी अदजानिया की रोमांटिक कॉमेडी कॉकटेल अपने दौर की एक लोकप्रिय फिल्म थी। होमी अब इसका दूसरा भाग लेकर आ रहे हैं, जिसमें शाहिद कपूर के साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना लीड रोल में नजर आएंगी। फिल्म का फर्स्ट लुक पहले गाने जब तलक के रूप में जारी किया गया है।

अरिजीत सिंह की आवाज में पहला गाना

जब तलक गाने को अरिजीत सिंह और अकासा ने आवाज दी है। अमिताभ भट्टाचार्य के बोलों को प्रीतम ने अपने संगीत से सजाया है। जब तलक मस्ती से भरा बीच डांस नम्बर है, जो फिल्म की लीड स्टार कास्ट पर फिल्माया गया है। शाहिद, कृति और मंदाना गाने में पूरी मस्ती में थिरकते दिखाई देते हैं, जो कॉकटेल 2 के मिजाज को दर्शाता है।

खूबसूरत लोकेशंस पर गाना दोस्ती, प्यार और दीवानगी की तस्वीर पेश करता है। फिल्म का लेखन लव रंजन ने किया है। निर्माता दिनेश विजन, लव लंजन और अंकुर गर्ग हैं।

यह भी पढ़ें: Bhooth Bangla Trailer Out: डर के साथ हंसी का तड़का, अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला का ट्रेलर रिलीज

शाहिद और कृति की ये दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में साथ आ चुके हैं, जो साइ फाइ रोमांटिक कॉमेडी ड्रामा फिल्म थी। वहीं, शाहिद और रश्मिका पहली बार पर्दे पर साथ दिखेंगे।

2012 में आई थी कॉकटेल

कॉकटेल 2012 में आई थी और बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। यह फिल्म इस जॉनर की बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाती है और दीपिका के अभिनय की जमकर तारीफ हुई थी। फिल्म में डिम्पल कपाड़िया और बमन ईरानी ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।

उस फिल्म के लगभग 14 साल बाद पार्ट 2 नई स्टार कास्ट के साथ आ रहा है। कॉकटेल 2 समर सीजन में 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।