मुंबई। Ginny Weds Sunny 2 Trailer: कहते हैं कि शादी ऐसा लड्डू है, जो खाय वो पछताये और जो ना खाय वो भी पछताये। कभी ये लड्डू अपनी मर्जी से खाया जाता है तो कभी लड्डू परिवार या रिश्तेदारों के दबाव में खाना पड़ता है। मगर, लड्डू का स्वाद खाने के बाद ही पता चलता है।
कैसा है फिल्म का ट्रेलर?
अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की अपकमिंग फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 ऐसा ही लड्डू है, जिसे दोनों कलाकार परिवार के दबाव में खा लेते हैं, मगर शादी के बाद दोनों के एक-दूसरे से छिपाये राज बाहर आते हैं तो फिर हालात बिगड़ने लगते हैं।
इन विषयों पर बनी फिल्मों में सिचुएशंस अक्सर समान रहती हैं, बस उन्हें दिखाने के तरीके बदलते रहते हैं। गिन्नी वेड्स सनी 2 में दोनों मुख्य किरदारों के बीच के रिश्ते से जो अफरा-तफरी मचती है, उसे मजाकिया अंदाज में दिखाया गया है।
देहरादून के सनी की शादी दिल्ली की गिन्नी से करवाने के लिए परिवार झूठ बोलते हैं। पहलवानी करने वाले वाले लड़के का स्टार्ट अप बताया जाता है तो फैशनपरस्त और मौजमस्ती करने वाली कॉल सेंटर में काम करती है। जब सच्चाई सामने आती है तो बवाल होता है।
हालांकि, ट्रेलर में इस बवाल का उफान नदारद है। ट्रेलर मुख्य रूप से किरदारों के तानों, मिलने और शादी पर ही फोकस करता है। इनके बीच रिश्ता कैसे बदलता है, इस पर फोकस नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: Fresh Pairs in Upcoming Movies: बड़े पर्दे पर ताजगी की बहार, पहली बार स्क्रीन पर नजर आएंगी ये 17 फ्रेश जोड़ियां
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म का निर्देशन प्रशांत झा ने किया है, जिन्होंने फिल्म लिखी भी है। निर्माण विनोद बच्चन और उमेश कुमार बंसल ने किया है। फिल्म में लिलेट दुबे, सुधीर पांजेय, गोविंद नामदेव, गोपी भल्ला, नयनी दीक्षित, विश्नाथ चटर्जी और रोहित चौधरी सहयोगी किरदार निभा रहे हैं। गिन्नी वेड्स सनी 2, 24 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

