मुंबई। Who is Gauri Spratt: बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान अपनी तीसरी शादी गौरी स्प्रैट से करने जा रहे हैं। 5 जुलाई 2026 को मुंबई में उनके घर पर एक बहुत ही निजी और साधारण रजिस्टर्ड सेरेमनी होने वाली है, जिसमें सिर्फ करीबी परिवार और दोस्त शामिल होंगे।
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गौरी स्प्रैट एक बेंगलुरु की उद्यमी, सैलून बिजनेस से जुड़ीं और फैशन बैकग्राउंड वाली महिला हैं। गौरी, आमिर के साथ रिश्ते में भले ही अब आई हैं, मगर आमिर के परिवार से उनकी पहचान कई साल पुरानी है। वहीं, निर्माता-निर्देशक और अभिनेता फरहान अख्तर से भी गौरी का कनेक्शन है।
सांस्कृतिक विविधता वाले परिवार से आती हैं गौरी
रिपोर्ट्स के अनुसार, गौरी स्प्रैट का जन्म 21 अगस्त 1978 को बेंगलुरु (कर्नाटक) में हुआ था। उनकी उम्र वर्तमान में 47 वर्ष है। उनके पिता रॉबर्ट स्प्रैट तमिल-ब्रिटिश मूल के थे, जबकि मां रीता स्प्रैट पंजाबी-आयरिश मूल की हैं। गौरी के दादा फिलिप स्प्रैट ब्रिटिश मूल के कम्युनिस्ट थे, जो 1920 में भारत आये थे और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया था।
गौरी की मां रीता बेंगलुरु में स्प्रैट हेयर स्टूडियो नाम का सैलून चलाती थीं। गौरी की उद्यमिता की शुरुआत यहीं से हुई। उनकी बहन शौना स्प्रैट भी इसी स्टूडियो में उनका हाथ बंटाती हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि गौरी के सैलून और फरहान अख्तर की एक्स वाइफ अधूना भबानी की कम्पनी बीब्लंट के बीच कई साल पुरानी पार्टनरशिप है।
2007 से वह बीब्लंट सैलून चेन की पार्टनर और डायरेक्टर हैं और वर्तमान में मुंबई में बीब्लंट सैलून चलाती हैं। 2016 में द हिंदू को दिये एक इंटरव्यू में अधूना ने गौरी और शौना के साथ अपनी पार्टनरशिप का खुलासा किया था, मगर उस समय तक गौरी और आमिर खान के बीच कोई रिश्ता नहीं था। 2017 में अधूना और फरहान के बीच भी तलाक हो गया था।
यह भी पढ़ें: Aamir Khan: ‘हाथ-पैर बांधकर…’, जब सलमान खान ने आमिर की तीसरी शादी को लेकर कसा था तंज, 9 साल बाद सच हुआ अंदेशा!

गौरी ने अपनी शुरुआती पढ़ाई ब्लू माउंटेन स्कूल ऊटी से की। उन्होंने फैशन में रुचि होने के कारण यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स लंदन से FDA Styling & Photography कोर्स पूरा किया था। करियर की शुरुआत उन्होंने बेंगलुरु में फैशन डिजाइन और टैक्सटाइल बिजनेस से की। बाद में ब्यूटी इंडस्ट्री में आईं। हाल ही में वे आमिर खान प्रोडक्शंस से भी जुड़ गई हैं।
25 साल पहले गौरी से मिले थे आमिर खान
आमिर की जहां यह तीसरी शादी होगी, वहीं गौरी की यह दूसरी शादी होगी। उनकी पिछली शादी से एक बेटा क्विन (Quinn) है, जिसकी उम्र करीब 7 साल है। आमिर और गौरी का परिवार लगभग 25 सालों से एक-दूसरे को जानते हैं। इन दोनों की पहली मुलाकात 2000-2001 में बेंगलुरु में हुई थी। इसके बाद दोनों का सम्पर्क खत्म हो गया।
2024 में आमिर अपनी बहन नुजहत खान के जरिए गौरी से फिर मेले। इस बार मुलाकात दोस्ती से होते हुए प्यार तक पहुंच गई। इस बारे में आमिर कहते हैं- “हम गलती से मिले, दोस्त बने और प्यार हो गया।” आमिर ने गौरी के साथ अपने रिश्ते पर मुहर 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर लगाई, जब वो उनकी गर्लफ्रेंड के तौर पर सामन आईं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 से दोनों मुंबई में साथ रहते हैं। अब 5 जुलाई को गौरी आधिकारिक तौर पर आमिर खान की पत्नी बन जाएंगी। हालांकि, इस बार शादी धूमधाम से नहीं होगी। आमिर के घर पर दोस्तों और परिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में सादे समारोह में शादी सम्पन्न की जाएगी।

