मुंबई। Kesari 2 Box Office Day 14: अक्षय कुमार की फिल्म केसरी चैप्टर 2- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ जलियांवाला बाग ने सिनेमाघरों में दो हफ्तों का सफर गुरुवार को पूरा कर लिया। फिल्म ने 75 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। दूसरे हफ्ते में केसरी 2 की रफ्तार सनी देओल की फिल्म जाट के मुकाबले बेहतर रही।
हालांकि, अब तीसरे हफ्ते में केसरी 2 को अपने दोस्त अजय देवगन की फिल्म रेड 2 से कड़ी टक्कर लेनी होगी, जिसने पहले ही दिन अपने तेवर दिखा दिये हैं।
दो हफ्तों में 75.35 करोड़ का कलेक्शन
केसरी 2 इस साल रिलीज हुई उन बड़ी फिल्मों में शामिल है, जो बड़े नाम और दाम के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन के लिए तरस रही हैं। अक्षय की फिल्म 25 अप्रैल को दूसरे हफ्ते में दाखिल हुई थी और पहली मई को फिल्म ने सात दिनों का सफर पूरा किया।
दूसरे हफ्ते में केसरी 2 ने 28.81 करोड़ नेट कलेक्शन किया, जिसे मिलाकर फिल्म का घरेलू बॉक्स पर 14 दिनों का नेट कलेक्शन 75.35 करोड़ (Kesari 2 Box Office Day 14) हो गया है। दूसरे हफ्ते में फिल्म का सफर कुछ यूं रहा-
- शुक्रवार- 4.05 करोड़
- शनिवार- 7.20 करोड़
- रविवार- 8.14 करोड़
- सोमवार- 2.65 करोड़
- मंगलवार- 2.72 करोड़
- बुधवार- 2.25 करोड़
- गुरुवार- 1.80 करोड़
दूसरे हफ्ते में केसरी 2 ने जाट से बेहतर प्रदर्शन किया है। जाट ने दूसरे हफ्ते में 19.51 करोड़ नेट कलेक्शन किया था।
यह भी पढ़ें: Raid 2 Box Office Day 1: बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन कामयाब रहा अजय देवगन का ‘छापा’, फिल्म ने छापे 19 करोड़
पैनडेमिक के बाद अक्षय की चौथी सबसे बड़ी फिल्म
केसरी 2 पोस्ट पैनडेमिक अक्षय कुमार की चौथी सबसे बड़ी फिल्म बन गई है। 2020-2025 तक अक्षय की टॉप 5 फिल्में देखें तो इस प्रकार हैं-
- सूर्यवंशी- 196 करोड़ (2021)
- ओएमजी 2- 150.17 करोड़ (2023)
- स्काय फोर्स- 131.44 करोड़ (2025)
- केसरी 2- 75.35 करोड़ (2025)
- राम सेतु- 71.87 करोड़ (2022)
अब तीसरे हफ्ते में केसरी 2 को अजय देवगन की रेड 2 से टकराना होगा, जिसने जोरदार ओपनिंग लेकर केसरी 2 के सामने बड़ी चुनौती पेश की है। कलेक्शंस में आई गिरावट को देखते हुए अब केसरी 2 का 100 करोड़ तक पहुंचना भारी लग रहा है।