Akhil Zainab Wedding: शादी के बंधन में बंधे नागार्जुन के बेटे अखिल अक्कीनेनी और जैनब, देखिए तस्वीरें

Nagarhuna Akkineni's son Akhil married. Photo- X

मुंबई। Akhil Zainab Wedding: तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार नागार्जुन के छोटे बेटे अखिल अक्कीनेनी शुक्रवार को शादी के बंधन में बंध गये। अखिल ने लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड जैनब रव्दजी के साथ रीति-रिवाज से शादी की। नागार्जुन ने शादी समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया में साझा कीं।

नागार्जुन ने तस्वीरों के साथ लिखा- अत्यंत हर्ष के साथ, अमाला और मैं यह बताते हुए खुश हो रहे हैं कि हमारे प्यारे बेटे ने प्यारी जैनब के साथ हमारे घर पर हुए एक खूबसूरत समारोह में शादी कर ली है, जहां हमारे दिल बसते हैं। हमने एक सपने को सच होते देखा, जो मोहब्बत, हंसी-खुशी के साथ हमारे प्रियजनों से घिरा था।

दोनों नया सफर शुरू कर रहे हैं, इसके लिए हमें आपका आशीर्वाद चाहिए। प्रेम और आभार।

यह भी पढ़ें: Allu Arjun: AA 22 में होश उड़ा देगा अल्लू अर्जुन का फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन, NTR Jr. के फिटनेस गुरु ने उठाई जिम्मेदारी

तेलुगु सिनेमा के दिग्गज हुए शामिल

हैदराबाद के अन्नपूर्णा स्टूडियोज में सभी रस्में सम्पन्न हुईं। इस स्टूडियो को नागार्जुन के पिता एक्टर अक्कीनेनी नागेश्वर राव ने बनाया था। अखिल ने इस मौके पर पारम्परिक सफेद कुर्ता और धोती पहना, जबकि जैनब सफेद सिल्क साड़ी के साथ गोल्डन ब्लाउज में बेहद खूबसूरत दिखीं।

शादी समारोह में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गजों ने भाग लिया। इनमें चिरंजीवी, राम चरन और उनकी पत्नी उपासना, प्रशांत नील, वेंकटेश पारम्परिक परिधान पहने हुए समारोह में शामिल हुए। नागा चैतन्य और पत्नी शोभिता धुलिपाला ने भी पारम्परिक पोशाकों में दिखे। नागा चैतन्य, अखिल के बड़े भाई हैं।

विवाह संस्कारों से पहले बरात भी निकाली गई थी, जिसमें नागा चैतन्य लाल रंग के पारम्परिक कुर्ते में डांस करते नजर आये।  

कौन हैं अखिल की दुल्हनिया जैनब?

जैनब, जाने-माने बिल्डर जुल्फी रव्दजी की बेटी हैं और पेशे से कलाकार हैं। हाल ही में हैदराबाद में उनके कलेक्शंस की प्रदर्शनी हैदराबाद में लगी थी। अखिल और जैनब की पिछले साल नवम्बर में सगाई हुई थी। दोनों इससे पहले दो साल तक रिलेशनशिप में रहे थे।

अखिल, नागार्जुन और अमाला के बेटे हैं। अमाला, नागार्जुन की दूसरी पत्नी हैं। नागा चैतन्य और अखिल, सौतेले भाई हैं। नागा चैतन्य ने पिछले साल शोभिता धुलिपाला से शादी की थी। उनकी पहली शादी अभिनेत्री सामंथा रूथ प्रभु से हुई थी, मगर 2021 में तलाक हो गया था।

अखिल ने अपना करियर बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 1995 में आई नागार्जुन की फिल्म सिसिंद्री से शुरू किया था। अखिल की चर्चित फिल्में अखिल, हेलो, मिस्टर मजनू और एजेंट हैं।